दिल्ली में श्रद्धा मर्डर केस जैसा एक और मामला, हत्या कर शरीर के टुकड़े छुपाए फ्रिज में, रोज फेंक आते थे एक बॉडी पार्ट
CCTV में शव के टुकड़े लेकर जाता हुआ महिला का बेटा कैद हुआ
नई दिल्ली | श्रद्धा वालकर की जघन्य हत्या जैसी ही एक और दर्दनाक घटना में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है. महिला और उसके बेटे पर पति की हत्या करने का आरोप है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि मां-बेटे ने हत्या करने के बाद शरीर को 10 टुकड़ों में काट डाला था और इन टुकड़ों को न्यू अशोक नगर के नाले और पांडव नगर में रामलीला मैदान के पास फेंक दिया था.
30 मई को हुई थी अंजन दास की हत्या
पुलिस के मुताबिक, यह हत्या 30 मई को हुई थी. मृतक के शरीर के छह टुकड़े बरामद किए जा चुके हैं जबकि लापता अवशेषों की तलाश की जा रही है.
आरोपियों की पहचान पूनम और उसके बेटे दीपक के रूप में हुई है. मृतक का नाम अंजन दास था.
शव के टुकड़ो को फ्रिज में छुपा के रखा गया था
सूत्रों ने कहा कि अंजन दास के शरीर के टुकड़े करने के बाद दोनों ने इन टुकड़ो को अपने घर के फ्रिज में जमा कर लिया था. इसके बाद, इन दोनों के शव के टुकड़ो को पांडव नगर और न्यू अशोक नगर में ठिकाने लगा दिया.
A woman along with her son arrested by Crime Branch in #Delhi‘s #PandavNagar for murdering her husband. They chopped off body in several pieces, kept in refrigerator & used to dispose of pieces in nearby ground: Delhi Police Crime Branch#DelhiCrime #DelhiPolice pic.twitter.com/q0g2zAPSJc
— Hate Detector 🔍 (@HateDetectors) November 28, 2022
पुलिस ने कहा कि 5 जून को रामलीला मैदान में दुर्गन्ध आने के बाद परिसर का निरीक्षण किया गया. इस दौरान मानव अंग बरामद हुए.
पुलिस को लग रहा था यह एक ब्लाइंड मर्डर केस है
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा, तीन से चार दिनों तक इलाके में तलाशी के दौरान, पुलिस को सिर समेत शरीर के कई हिस्से बरामद हुए. हालांकि, शव अज्ञात था, जिसके बाद पांडव नगर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरु की गई.
पुलिस टीमों ने आसपास के निवासियों से बात की और उनसे पूछा कि क्या कोई गायब है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. पुलिस को कोई खास जानकारी नहीं मिली. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज को भी स्कैन किया गया लेकिन कुछ भी ठोस हाथ नहीं आया. यह एक ब्लाइंड केस लग रहा था.
यादव ने कहा कि पुलिस टीमों द्वारा घर-घर जाकर जांच करने के बाद आखिरकार शव की पहचान की जा सकी.
CCTV में बैग लेकर घूमता दिखा दीपक
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पति (अंजन दास) के पिछले 7 से 8 महीने से लापता होने और उसके बाद कोई शिकायत दर्ज नहीं कराए जाने के कारण, पुलिस ने पूनम पर नजर रखी. जांच के दौरान, पुलिस को CCTV फुटेज मिली. पूनम के घर के पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों में दीपक देर रात हाथ में बैग लिए घूमता दिखा. उनके पीछे उनकी मां पूनम भी नजर आईं.
A woman along with her son arrested by Crime Branch in Delhi’s Pandav Nagar for murdering her husband. They chopped off body in several pieces,kept in refrigerator & used to dispose of pieces in nearby ground: Delhi Police Crime Branch
(CCTV visuals confirmed by police) pic.twitter.com/QD3o5RwF8X
— ANI (@ANI) November 28, 2022
पुलिस ने कहा कि प्लास्टिक की थैलियों में शव के टुकड़ो को ठिकाने लगाने के दौरान वे (मां और बेटा) कई बार सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे. जब दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पूछताछ में पता चला कि मां-बेटे ने मार्च में अंजन की हत्या की साजिश रच डाली थी. फिर 30 मई को अंजन को शराब में नींद की गोलियां देकर बेहोश कर दिया गया था. इसके बाद दोनों ने चाकू और खंजर से वार कर अंजन की हत्या कर दी थी. गर्दन सहित शरीर के कई हिस्से किए गए थे.
फिर उन्होंने शरीर के टुकड़ों को रामलीला मैदान के पास ठिकाने लगाना शुरू कर दिया. शरीर के कुछ अंगों को न्यू अशोक नगर के नाले में फेंका गया था.
हत्यारोपियों का दावा – अवैध संबंधों के चलते किया मर्डर
पुलिस के मुताबिक, पूनम ने आरोप लगाया कि उसके पति के अवैध संबंध थे और वह दीपक की पत्नी पर भी नजरें गड़ाए हुए था. पूनम ने यह भी आरोप लगाया कि अंजन ने उसके गहने तक बेच दिए थे.
पूनम की अंजन से थी तीसरी शादी
यादव ने कहा, बिहार की मूल निवासी पूनम की पहली शादी सुखदेव तिवारी से हुई थी. कुछ समय बाद सुखदेव दिल्ली आ गया और उसे ढूंढ़ती हुई पूनम भी दिल्ली आ गई लेकिन सुखदेव का कुछ पता नहीं चल सका. कुछ समय बाद, पूनम ने दिल्ली में कल्लू से शादी की और दोनों को एक बेटा हुआ दीपक. लीवर फेल होने के कारण कल्लू की 2016 में मौत हो गई. 2017 में पूनम ने अंजन दास से शादी कर ली. यह पूनम की तीसरी शादी थी.
कल्याणपुरी का रहने वाला अंजन दास लिफ्ट मैकेनिक था. उसकी पूनम से दूसरी शादी थी. पहली शादी से उसके बिहार में आठ बच्चे है. पुलिस के अनुसार, अंजन ने पूनम से अपनी पहली शादी के बारे में छुपाया था.
पुलिस ने कहा कि डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए शरीर के अंगों (अंजन के) को भेज दिया गया है. साथ ही बिहार में मृतक के परिवार के सदस्यों से जांच के लिए डीएनए नमूने लेने के लिए संपर्क किया जा रहा है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
