शादी से पहले ब्यूटी पार्लर में सज रही थी दुल्हन, बिहार पुलिस के जवान ने मार दी गोली

Dulhan Indian Bride Depositphotos_7094776_S (1)

सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)

The Hindi Post

मुंगेर | बिहार के मुंगेर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां प्रेमिका की दूसरी जगह शादी होने से नाराज प्रेमी ने उसको गोली मार दी. आरोपी बिहार पुलिस का कांस्टेबल बताया जा रहा है. गोली लगने से लड़की बुरी तरह घायल हो गई.

पुलिस के मुताबिक, कासिम बाजार थाना क्षेत्र के कस्तूरबा वाटर चौक स्थित एक ब्यूटी पार्लर में रविवार देर शाम को युवती अपनी शादी के लिए तैयार होने आई थी. इस दौरान वहां पर पुलिस कांस्टेबल अमन कुमार भी पहुंच गया. उसने लड़की को ब्यूटी पार्लर में घुस कर गोली मार दी.

इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. आनन फानन में घायल अवस्था में लड़की को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

बताया जाता है कि आरोपी पुलिस का जवान है और लड़की के साथ उसका प्रेम संबंध था. लड़की की अन्यत्र शादी तय होने से वह नाराज था.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोली मारकर कॉन्स्टेबल ने अपनी कनपटी पर भी पिस्तौल रखी, लेकिन पिस्तौल नीचे गिर गई. इसके बाद पार्लर के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया लेकिन वह अपने को छुड़ा के वहां से भाग निकला.

इधर, पुलिस उपाधीक्षक (सदर) राजेश कुमार ने बताया कि अमन बिहार पुलिस का जवान है और फिलहाल पटना में नियुक्त है. उन्होंने कहा कि अमन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वह महेशपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!