जेल में बंद AAP नेता सत्येंद्र जैन की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
File Photo | IANS
नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन की तबीयत बिगड़ने के चलते उन्हें सोमवार को तिहाड़ जेल से सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया. सूत्रों ने यह जानकारी दी.
हाल ही में, जैन ने जेल क्लिनिक के अंदर एक मनोवैज्ञानिक से परामर्श लिया था. मनोवैज्ञानिक ने उन्हें सुझाव दिया था कि उन्हें लोगों के आसपास रहना चाहिए और बातचीत करते रहना चाहिए. यह सुझाव मनोवैज्ञानिक ने जैन को तब दिया जब उन्होंने बताया था कि वो अकेला महसूस करते है.
ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 की धारा 19 के तहत जैन को 30 मई, 2022 को गिरफ्तार किया था.
2017 में सीबीआई द्वारा जैन, उनकी पत्नी पूनम, और अजीत प्रसाद जैन, सुनील कुमार जैन, वैभव जैन और अंकुश जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(ई) के तहत दर्ज एफआईआर दर्ज की गई थी. इस FIR के आधार पर ईडी ने धन शोधन की जांच शुरू की थी.
सीबीआई ने आरोप लगाया है कि 14 फरवरी, 2015 से 31 मई, 2017 के दौरान दिल्ली सरकार में मंत्री पद पर रहते हुए सत्येंद्र जैन ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की.
इस सम्बन्ध में सीबीआई ने 3 दिसंबर, 2018 को चार्जशीट दायर की थी.
इससे पहले, ईडी ने 31 मार्च, 2022 को सत्येंद्र जैन के स्वामित्व वाली और नियंत्रित कंपनियों से संबंधित 4.81 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया था.
आईएएनएस
