होने वाले दामाद के साथ भागी महिला, कुछ ही दिनों में होनी वाली थी उसकी बेटी की शादी
अलीगढ़ में एक महिला अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई हैं. वह अपने साथ ढाई लाख रुपए कैश और गहने भी ले गई. 8 दिन बाद बेटी की बारात आनी थी.
दूल्हे ने अपनी सास को मोबाइल गिफ्ट किया था. दोनों चोरी-छिपे बातें करते थे. किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी की दोनों के बीच अफेयर चल रहा है. दूल्हे ने अपने पिता को फोन पर कहा, खोजने की कोशिश मत करना. लौटने वाला नहीं हूं.
महिला के घर वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है. दोनों कहां हैं, अभी तक पता नहीं चल पाया है. महिला की बेटी का रो-रो कर बुरा हाल है. मामला मडराक थाना क्षेत्र का है.
मडराक थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने अपनी बेटी की शादी दादों थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से तय की थी. 16 अप्रैल को बारात आनी थी. शादी की सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं. कार्ड भी रिश्तेदारों को बांट दिए गए हैं.
लड़की के परिवारजनों ने बताया, दामाद घर आता-जाता था. वह होने वाली सास के साथ घंटों अकेले रहता. लोग इसे नॉर्मल समझ रहे थे. सबको लगता था कि दामाद और सास शादी की तैयारियां कर रहे हैं. दामाद ने कुछ दिन पहले अपनी सास को एक मोबाइल भी गिफ्ट किया था.
दोनों फोन पर खूब बात करते थे. इसके बाद रविवार 6 अप्रैल को महिला अपने घर से गायब हो गई.
परिवार के लोगों ने बताया, दूल्हा भी 6 अप्रैल को घर से शादी की खरीददारी करने और कपड़े खरीदने की बात कहकर निकला था. देर शाम को उसने अपने पिता को फोन किया और कहा कि मै घर छोड़कर जा रहा हूं और मुझे ढूंढ़ने की कोशिश न करना.
परिवार के लोगों को लगा कि वह किसी बात से परेशान होगा और शाम तक घर आ जाएगा. लेकिन वह देर शाम तक घर नहीं लौटा. इसके बाद परिवार के लोगों ने लड़की के परिवार वालों को फोन करके बातचीत की. तब उन्हें पता चला कि लड़की की मां भी घर से गायब है. वह अपने साथ ढाई लाख कैश और गहने ले गई है. गहने परिवार ने बेटी की शादी के लिए बनवाए थे.
लड़की के घरवाले दूल्हे के ऊपर अपनी होने वाली सास को भगाने के आरोप लग रहे हैं. परिवार के लोगों का यह भी आरोप है कि लड़का अपनी सास से लगातार बातें करता था. अपनी होने वाली दुल्हन से वह इतनी बात नहीं करता था, जितनी वह अपनी सास से बात किया करता था.
मडराक थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया, महिला के परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिली थी. जिसके बाद महिला की गुमशुदगी दर्ज करके उसकी खोजबीन की जा रही है. लड़का भी इसी दिन से गायब है. लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों साथ में ही कहीं गए हैं. मामले की जांच की जा रही है और जल्दी ही पूरी घटना स्पष्ट हो जाएगी.
