बुजुर्ग महिला यात्री पर फ्लाइट में पेशाब करने वाले शख्स की हुई पहचान

Air India

Photo: IANS

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा कि एयर इंडिया की फ्लाइट में जिस पुरुष यात्री ने महिला सहयात्री पर पेशाब किया था उसको जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. पुलिस ने कहा कि उसकी लोकेशन का पता चल गया है. वो मुंबई का रहने वाला है.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमें पता चला कि यह व्यक्ति मुंबई का रहने वाला है. जांचकर्ताओं को यह जानकारी मिली है कि वो इस समय किसी और राज्य (महाराष्ट्र के बाहर) में है. उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.”

दिल्ली पुलिस ने इस शख्स पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में मामला दर्ज किया है.

एयर इंडिया ने न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में अनुचित और अशोभनीय व्यवहार करने वाले इस यात्री पर 30 दिनों का प्रतिबंध लगा दिया है. यानि अगले ३० दिनों तक वो फ्लाइट में सफर नहीं कर पाएगा.

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बुधवार को कहा, “एयर इंडिया ने इस घटना को बहुत ही गंभीरता से लिया है. इस यात्री ने न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में अशोभनीय व्यवहार किया जो स्वीकार नहीं किया जा सकता. उसकी इस हरकत से महिला यात्री को अत्यधिक परेशानी हुई.”

“इस मामले में पुलिस शिकायत पहले ही दर्ज की जा चुकी है. एयर इंडिया कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ-साथ नियामक प्राधिकरणों का पूरा सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है.”

एयर इंडिया ने कहा कि उसने इस मामले की सूचना, विमानन नियामक – डीजीसीए को दे दी है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!