दिल दहला देने वाली वारदात, सो रहे दंपति पर जानलेवा हमला, पत्नी की मौत, पति…
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
हमीरपुर | उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक महिला का खून से लथपथ शव उसके घर पर मिला जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है. मामला राठ कोतवाली के चिल्ली गांव का है. इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है.
हमले में घायल पति को कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. मौके पर पुलिस के आलाधिकारी मौजूद हैं और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा ने पूरी वारदात की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 22-23 मई की दरमियानी रात मर्डर की सूचना प्राप्त हुई. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि 26 साल की गीता देवी के सिर पर गहरी चोट थी और इस वजह से उनकी मौत हो चुकी थी वहीं उनके पति अनिल राजपूत के सिर पर भी गहरी चोट थी, जिन्हें इलाज के लिए पीएससी भेजा गया. यहां से कानपुर हायर सेंटर रेफर किया गया. मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौजूद है. परिवारजनों से बात करके आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने हत्यारों की धरपकड़ के लिए चार टीमों का गठन कर दिया है. बताया जा रहा है कि हमले के वक्त पति पत्नी सो रहे थे और उन पर लोहे के पट्टे से वार किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस जोड़े की तीन साल की बच्ची भी है. संभवतः मासूम के सामने ही माता पिता पर हमला किया गया. जांच जारी है.
IANS
