कौन है वो लोग जिन्होंने संसद के अंदर और बाहर किया हंगामा, पीले रंग का धुआं छोड़ा? पुलिस जांच में जुटी
संसद के बाहर नारेबाजी करती नीलम. नीलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
आज संसद पर हमले की बरसी है. 22 साल पहले यानि 13 दिसंबर, 2001 को संसद भवन पर आतंकवादी हमला हुआ था. उस समय पार्लियामेंट में शीतकालीन सत्र चल रहा था और सदन में अलग-अलग पार्टियों के नेता, मंत्री आदि मौजूद थे. इस हमले में कई सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे. इस मौके पर आज शहीदों को याद किया गया और सांसदों ने उनकी प्रतिमा पर फूल भी चढ़ाए.
इस महत्वपूर्ण दिन पर संसद के अंदर और बाहर हड़कंप मचा रहा. लोकसभा के अंदर दो युवक दर्शक दीर्घा से कूदकर सांसदों की बेंच पर पहुंच गए और कलर गैस स्प्रे कर दी. इससे अफरातरफी मच गई. दूसरी तरफ संसद के बाहर एक युवक और एक महिला ने गैस का छिड़काव कर जमकर नारेबाजी की. उन्होंने भारत माता की जय, जय भीम, तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही है जिसकी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया. इस सब से हड़कंप की स्थिति बनी रही.
Stop dictatorship..stop atrocities on women in Manipur..
Protestors…#ParliamentAttackpic.twitter.com/dPT0ZBPJEc— Ashish Singh (@AshishSinghKiJi) December 13, 2023
संसद के बाहर की घटना में दिल्ली पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है. इनके नाम नीलम और अनमोल शिंदे है. नीलम हरियाणा के हिसार की रहने वाली है. दूसरे आरोपी का नाम अनमोल शिंदे है. अनमोल महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है. दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इन दोनों को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन लाया गया है. दिल्ली पुलिस के साथ-साथ इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम भी पूछताछ कर रही है.
वहीं लोकसभा में दर्शक दीर्घा से कूदे एक युवक का नाम सागर शर्मा बताया जा रहा है. दूसरे युवक का नाम मनोरंजन डी है. मनोरंजन कर्नाटक के मैसूर का रहने वाला है. पर क्या दोनों एक दूसरे को पहले से जानते है इसके बारे में अभी जानकारी नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों युवक सांसद प्रताप सिम्हा के पास पर संसद में एंट्री पाए थे. दोनों को हिरसत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
