“जब प्रदेश में समाजवादी सरकार आएगी तब भी बुलडोजर चलेगा लेकिन….” अखिलेश यादव का बड़ा बयान

Akhilesh Yadav (3) (1)
The Hindi Post

फतेहपुर | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि सरकार बदलते ही बुलडोजर की दिशा बदल जाएगी.

सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार को लोक जागरण अभियान के तहत फतेहपुर में पार्टी के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे.

इस दौरान उन्होंने कहा कि बुलडोजर वाली भाजपा सरकार सबसे बड़ी भूमाफिया भाजपा सरकार है. अयोध्या में भाजपा नेताओं ने सबसे ज्यादा जमीन पर कब्जा किया है. पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों पर अन्याय, अत्याचार कर रही है. लेकिन, याद रखें बुलडोजर का दिमाग नहीं होता है. सरकार बदलेगी तो बुलडोजर की दिशा बदल जाएगी. “जब हमारी सरकार आएगी तो यही बुलडोजर होगा. मगर इमारत एक या दो मंजिला नहीं होगी, बल्कि 8 मंजिला.. 10 मंजिला होगी.”

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है. बिजली, स्वास्थ्य, पुलिस सब में भारी भ्रष्टाचार है. भाजपा की विचारधारा के लोगों और उनके मातृ संगठन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था. उसी को छिपाने के लिए अब घर-घर झंडा लगाने का काम करते हैं. भाजपा के लोगों ने अंग्रेजो के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, क्रांतिकारियों और समाजवादियों का साथ नहीं दिया था.

उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार में आने के बाद भाजपा नए तरीके का भारत छोड़ो आंदोलन चला रही है. भाजपा के तमाम करीबी उद्योगपति बैंकों से पैसा लेकर भारत छोड़ गए. बेंगलुरु के उद्योगपति से लेकर गुजरात के कारोबारियों तक की लम्बी सूची है. जनता यह सब जानती है.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम बहुत बढ़ा दिए हैं. महंगाई आसमान पर है. भाजपा गरीबों की जेब काटकर अमीरों की जेब भर रही है.

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है. सड़कों में गड्ढे भरे पड़े है. केवल 100 रुपये का राशन देकर गरीबों को धोखा दे रही है. किसानों की आय दुगनी नहीं हुई. खेती का लागत मूल्य दुगना हो गया.

अखिलेश यादव ने कहा कि बिजली नहीं आती है लेकिन सरकार भारी भरकम बिजली का बिल भेज देती है. बड़े पैमाने पर लूट और भ्रष्टाचार है. स्वास्थ्य सेवायें खराब हो चुकी है. गरीबों को दवा, इलाज नहीं मिल रहा है.

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया है. समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी तो अग्निवीर योजना की जगह नौजवानों को पूरी नौकरी देंगे.

उन्होंने कहा कि भाजपा दरारजीवी पार्टी है. ये समाज में दरार पैदा कर राजनीति करते हैं. इंडिया गठबंधन से घबराए हुए हैं. भाजपा अपनी सत्ता बचाने और वोट के लिए लोगों और पार्टियों में दरार डालने का काम करती है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!