दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर हमले को लेकर क्या बोली पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ?
फाइल फोटो | आईएएनएस
नई दिल्ली | दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले को निंदनीय बताया. उन्होंने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया.
अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है. लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.
उन्होंने आगे कहा कि उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी. आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.
बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर यह हमला उस वक्त हुआ जब वह जनसुनवाई के तहत लोगों की समस्याएं सुन रही थीं. इस दौरान एक शख्स आया और उसने मुख्यमंत्री पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया. इस हमले से मुख्यमंत्री जमीन पर गिर गई. इसके बाद फौरन मुख्यमंत्री को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जब दिल्ली की कमान अपने हाथों में संभाली है तब से वह से लगातार जनसुनवाई के तहत लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निदान कर रही हैं. इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं जो अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हैं.
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर आया था. जब वह मुख्यमंत्री के नजदीक पहुंचा तो वह चिल्लाने लगा और उसी दौरान उसने रेखा गुप्ता पर अटैक कर दिया. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने किया जिसने मुख्यमंत्री पर हमला करने से पहले उन्हें कुछ कागजात दिए थे.
हालांकि, हमले की अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. सीएम रेखा गुप्ता फिलहाल चिकित्सा निगरानी में हैं. दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पहुंच गए हैं.
फिलहाल, आरोपी को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. इस घटना को उनकी सुरक्षा में एक बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है. घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
IANS
