बड़ी खबर : 17 साल की छात्रा से हैवानियत का आरोपी एनकाउंटर में ढेर

Rape and Murder Accused
The Hindi Post

बड़ी खबर : 17 साल की छात्रा से हैवानियत का आरोपी एनकाउंटर में ढेर

 

कोलकाता | पश्चिम बंगाल की उत्तर 24 परगना पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या करने के आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए. पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए सोमवार और मंगलवार की रात घटनास्थल पर ले जाया गया था.

सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस टीम क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए पहुंची तो आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन कर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. आरोपी की पहचान प्रहलाद दास के रूप में हुई है.

बता दें कि उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा इलाके में 17 वर्षीय छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी. पता चला कि नाबालिग को कथित तौर पर अगवा किया गया था. इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया था और फिर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी थी.

रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार रात लड़की अपने परिवार वालों और दोस्तों के साथ घर के पास हो रहे एक संगीत कार्यक्रम में गई थी. यह कार्यक्रम देर रात तक चला था. पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आधी रात के आसपास उसे एक कॉल आया था जिसके बाद वह वहां से चली गई थी और फिर वापस नहीं लौटी.

कार्यक्रम खत्म होने के बाद परिवार वालों ने उसे हर जगह ढूंढा था लेकिन वह कहीं नहीं मिली थी. आखिरकार, रविवार सुबह उसका शव मिला. इस मामले में परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने प्रहलाद दास को गिरफ्तार किया था. जांच के क्रम में जब आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया गया वहां वह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया.

 

BY IANS

पश्चिम बंगाल: उत्तर 24 परगना में रेप और हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर, एक पुलिस अधिकारी घायल

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!