पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर का शव मिला, फैल गई सनसनी
पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर का शव मिला, फैल गई सनसनी
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ राजनेता और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक आशीष बनर्जी का शव रविवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट में उनके आवास स्थित कार्यालय से मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनके कार्यालय के बाहर जमा हो गए. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी.
आशीष बनर्जी पश्चिम बंगाल की राजनीति का जाना-माना नाम थे. वह रामपुरहाट विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे. तत्कालीन ममता बनर्जी के सरकार में उन्होंने स्कूल शिक्षा, कृषि और आयुष विभागों के मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी. इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के पद पर भी काम किया.
Birbhum, West Bengal: Former TMC MLA Ashish Banerjee’s dead body was found in his office at his residence in Rampurhat. His body has been sent for postmortem. Further details are awaited pic.twitter.com/XoQPTgxR3l
— IANS (@ians_india) August 16, 2026
राजनीतिक जीवन में आशीष बनर्जी ने शिक्षा और कृषि जैसे अहम विभागों को संभालते हुए राज्य में कई योजनाओं पर काम किया था. डिप्टी स्पीकर रहते हुए भी वह विधानसभा की कार्यवाही में सक्रिय भूमिका निभाते थे.
इसी साल 2026 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वह रामपुरहाट सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ध्रुव साहा से कड़े मुकाबले में चुनाव हार गए थे. हार के बाद भी वह इलाके में सक्रिय थे और पार्टी कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहते थे.
उनके निधन की खबर फैलते ही रामपुरहाट में शोक की लहर दौड़ गई. समर्थक उनके आवास के बाहर जुटे और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. पुलिस ने फिलहाल शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
IANS
