वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्टल से चली गोली, दो सुरक्षाकर्मी घायल, जांच के दौरान हुआ हादसा

pistol IANS (1) (1)
The Hindi Post

वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्टल से चली गोली, दो सुरक्षाकर्मी घायल, जांच के दौरान हुआ हादसा

 

वाराणसी | उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को हथियार की जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. गोली लगने से एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के रूप में तैनात एक महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए. दोनों को तत्काल हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है.

पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX1810 से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे. यात्री के पास लाइसेंसी पिस्टल थी जिसे उन्होंने विमान यात्रा के लिए घोषित किया था.

पुलिस के मुताबिक, टर्मिनल भवन में सुरक्षा जांच के दौरान यात्री के सामान में रखी पिस्टल को जांच के लिए निकाला गया. हथियार की जांच और उसमें मौजूद कारतूसों की गिनती की जा रही थी. इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया. गोली की चपेट में आकर सुरक्षा जांच कर रही महिला कर्मचारी और वहां मौजूद एक अन्य सुरक्षा सहायक घायल हो गए.

पुलिस ने बताया कि घायल महिला कर्मचारी के दोनों पैरों की जांघ में गोली लगी, जबकि दूसरे कर्मचारी के बाएं हाथ के अंगूठे में चोट आई है. दोनों एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत हैं. घटना के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल भेजा गया.

पुलिस ने बताया, “लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX1810 से मुंबई जाने वाले यात्री कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे. यात्री अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था. चेकिंग के दौरान लाइसेंसी पिस्टल की जांच एवं राउंड की काउंटिंग किए जाने के दौरान आकस्मिक रूप से फायर हो गया. फायर से निकला राउंड चेकिंग कर रही महिला के पैर तथा पास खड़े एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में लगा, जिससे दोनों घायल हो गए. दोनों घायलों को उपचार के लिए लक्ष्मी हॉस्पिटल भेजा गया है.”

पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा-फूलपुर और संबंधित थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम ने एयरपोर्ट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों से घटना की जानकारी ली.

पुलिस ने कहा कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली और निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार की जांच करते समय कोई चूक हुई या नहीं. घटना के बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. यात्री से पूछताछ की जा रही है और पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!