यूपी MLC चुनाव में सियासी घमासान: वोटिंग के बीच फूट-फूटकर रोए सपा प्रत्याशी, बोले – “शाही ईदगाह जाकर धर्म बदल लूंगा…”

SP candidate akash agarwal (1)
The Hindi Post

यूपी MLC चुनाव में सियासी घमासान: वोटिंग के बीच फूट-फूटकर रोए सपा प्रत्याशी, बोले – “शाही ईदगाह जाकर धर्म बदल लूंगा…”

 

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) की शिक्षक और स्नातक सीटों पर मतदान के बीच बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने मतदान के दौरान कैमरे के सामने रोते हुए प्रशासन और सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाए. साथ ही उन्होंने धर्मांतरण कर लेने की बात भी कही.

कथित बूथ कैप्चरिंग और धांधली के आरोप
आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि खेरागढ़ के बूथ संख्या 20 पर विपक्षी प्रत्याशी के भतीजे ने कब्जा कर लिया. उन्होंने दावा किया कि इसी बूथ पर पीठासीन अधिकारी मतदाताओं को बाहर निकालकर और कमरा बंद कर खाना खाने लगे जिसका वीडियो उन्होंने कमिश्नर को भेजा है. इसके अलावा उन्होंने छाता के बूथ संख्या 40 और बूथ संख्या 10 पर भी बूथ कैप्चरिंग किए जाने का आरोप लगाया.

आकाश ने कहा, ‘मैं अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में अपना धर्म परिवर्तन कराऊंगा, क्योंकि हार जीत से मुझे फर्क नहीं पड़ता. लेकिन मैं आजाद भारत में रह रहा हूं, मैं किस पार्टी से चुनाव लड़ूंगा, किससे नहीं लड़ूंगा, ये मेरा फैसला है और एक अधिकारी ने मुझसे कहा कि आप एमएलसी (प्रत्याशी) ही तो हो, आप खुदा तो नहीं हो. मैं उस अधिकारी को भी कहना चाहता हूं, मैंने अपना खुदा बदल लिया है.’

धर्मांतरण की चेतावनी और उत्पीड़न का दर्द
उन्होंने कहा कि एक अधिकारी ने उनसे कहा कि वह (आकाश अग्रवाल) केवल प्रत्याशी हैं, खुदा नहीं. इस पर पलटवार करते हुए सपा प्रत्याशी ने ऐलान किया कि वह अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में अपना धर्म परिवर्तन करा लेंगे.

रोते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 12 जिलों में उनके समर्थकों, स्कूल प्रबंधकों और शिक्षकों को झूठे आरोपों में उठाया जा रहा है और गाली-गलौज की जा रही है. उन्होंने कहा कि उनके साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है जैसे वह पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों और आशंका जताई कि उन्हें फंसाने के लिए ड्रग्स या हथियार रखकर जेल भेजा जा सकता है. उन्होंने सरकार से कहा कि भले ही उन्हें आजीवन कारावास दे दिया जाए, लेकिन उनके परिवार व शिक्षकों को परेशान न किया जाए.

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों (5 स्नातक और 6 शिक्षक खंड) पर मतदान हुआ, जिसमें आगरा, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी खंड शामिल हैं.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!