विजिटिंग कार्ड की मदद से UP पुलिस ने खोला मर्डर केस, 1 गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार: इंग्लिश पोस्ट)
लखनऊ | लखनऊ पुलिस ने चिनहट में हुई अनामिका सिंह की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. अनामिका FCI अधिकारी आदर्श कुमार की पत्नी थी. शुक्रवार सुबह आदर्श दफ्तर चले गए थे. दोपहर को अनामिका का घर में ही कत्ल कर दिया गया था. इस केस को पुलिस ने एक फर्जी विजिटिंग कार्ड की मदद से खोला है.
पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन सोनी को गिरफ्तार कर लिया है. अर्जुन इस घटना का मास्टरमाइंड है. उसने और उसके एक साथी वीरेंद्र यादव ने इस घटना को अंजाम दिया. वीरेंद्र अनामिका के घर एक टेलीकम्यूनिकेशन एजेंट बनकर पहुंचा था. उसने अनामिका को अपना विजिटिंग कार्ड दिया था. इस पर एक कांटेक्ट नंबर छपा था.
पूछताछ में अर्जुन ने पुलिस को वीरेंद्र यादव के बारे में बताया. साजिश के तहत FCI अफसर के नौकर अर्जुन सोनी का साथी इटौंजा निवासी वीरेंद्र यादव लूट करने पहुंचा था. इस दौरान अनामिका ने मोर्चा ले लिया था. तब उसने अनामिका पर चाकू से हमला कर दिया था और उसे मौत की नींद सुला दिया. पुलिस वीरेंद्र की तलाश कर रही है.
एडिशनल डीसीपी, ईस्ट जोन, सैयद अली अब्बास ने कहा, “पुलिस को मौके से एक विजिटिंग कार्ड मिला. इस कार्ड पर एक टेलीकम्यूनिकेशन कंपनी का नाम दर्ज था. इसी कार्ड की मदद से इस केस को खोलने में सफलता मिली है.”
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “जांच-पड़ताल में पता चला कि विजिटिंग कार्ड पर जिस एजेंट का नाम दर्ज था वो हकीकत में इस टेलीकम्यूनिकेशन कंपनी में काम ही नहीं करता था. यानि इस नाम का कोई शख्स वहां था ही नही. इससे संदेह पैदा हुआ. और पड़ताल करने में पता चला कि अर्जुन सोनी ने उस विजिटिंग कार्ड पर दर्ज नंबर पर कई बार कॉल किया था. इस मोबाइल नंबर की मदद से हमने केस को वर्कआउट कर लिया है.”
अर्जुन ने पुलिस को बताया कि उसने और वीरेंद्र ने हत्या की योजना बनाई थी. पैसों के लिए अनामिका की हत्या की गई.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
