स्नेहा की हत्या के मामले में पहली FIR दर्ज, अनुज के खिलाफ आर्म्स एक्ट में दर्ज मुकदमा, .32 बोर की देसी पिस्तौल से हुआ था मर्डर
स्नेहा और अनुज की फाइल फोटो
ग्रेटर नोएडा | शिव नादर यूनिवर्सिटी में हत्या और आत्महत्या के मामले में पहला मुकदमा दर्ज हुआ है. पहला मुकदमा अनुज के खिलाफ दर्ज हुआ है. छात्र अनुज ने .32 बोर की देसी पिस्टल से स्नेहा को तीन गोली मारी थी. उसके बाद हॉस्टल के कमरा नंबर 328 में गोली मारकर सुसाइड कर लिया था. इस मामले में पहली एफआईआर आर्म्स एक्ट के तहत दादरी थाने दर्ज की गई है. ये मुकदमा पुलिस की ओर से दर्ज किया गया है.
दरअसल, बुधवार को ग्रेटर नोएडा की शिव नादर यूनिवर्सिटी में एक छात्र अनुज सिंह ने अपनी क्लासमेट स्नेहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उसने खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया था. छात्रा कानपुर की रहने वाली थी, जबकि छात्र अमरोहा का रहने वाला था. दोनों बीए सोशियोलॉजी थर्ड ईयर में पढ़ते थे. गुरुवार दोपहर की सीसीटीवी में अनुज और स्नेहा डाइनिंग हॉल के सामने कुछ समय के लिए बात करते और फिर गले मिलते हुए देखे गए. इसके बाद अनुज ने पिस्टल से स्नेहा को गोली मार दी.
FIR के अनुसार, शिव नादर यूनिवर्सिटी की सूचना पर पुलिस कर्मी हॉस्टल के कमरा नंबर 328 पर पहुंचे. यह कमरा हॉस्टल के थर्ड फ्लोर पर गए है. उस समय अनुज का शव पेट के बल पड़ा था. FSL की टीम ने शव को पलट कर देखा तो वहां एक पिस्टल देसी .32 बोर पड़ी हुई मिली. इस पिस्टल के चैंबर में एक जिंदा कारतूस और एक जिंदा कारतूस जमीन पर मिला और दो खोके फर्श पर मिले. पिस्टल में मैगजीन लगी हुई थी.
शव के पास ही एक मोबाइल और कॉलेज का परिचय पत्र मिला. इन सभी को साक्ष्य के रूप में रख लिया गया है. इसके बाद FSL की टीम द्वारा साफ फर्श और खून से सने हुए फर्श के सैंपल लिए गए.
इस मामले में मृतक अनुज पर आयुध अधिनियम 1959 धारा 3, 25 और 27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. इससे एक दिन पहले ही स्नेहा के परिजनो ने शिव नादर यूनिवर्सिटी प्रशासन पर सवाल उठाए थे. परिजनों का कहना था कि इतनी फीस देने के बावजूद यूनिवर्सिटी में बच्चों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं. यूनिवर्सिटी में हथियार कैसे आया?
पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे स्नेहा के परिजनों ने CM योगी से मामले में जांच की मांग की है. उन्होंने कहा, “योगी जी से बोलूंगा, हमने जिंदा बच्चा भेजा था, अब वापस भी जिंदा ही चाहिए.” पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जांच की जा रही है.
आईएएनएस
