बड़ा हादसा: तेज रफ्तार क्रूजर जीप खड़े ट्रक में घुसी, चार लोगों की मौत
Photo: IANS
वाराणसी | उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार को मिर्जामुराद हाईवे पर भयानक सड़क हादसा हो गया हैं.
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई हैं और कई अन्य घायल होने की खबर हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, क्रूजर जीप में सवार होकर श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ जा रहे थे, इस दौरान जीप हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए. क्रूजर जीप में चालक समेत 11 लोग सवार थे. सभी श्रद्धालु कर्नाटक के बताए जा रहे हैं.
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पुलिस के अनुसार, जीप की रफ्तार काफी तेज थी. ऐसी संभावना है कि जीप ड्राइवर को झपकी आ गई होगी, जिसकी वजह से ट्रक से जीप टकरा गई.
हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस के साथ श्रद्धालुओं को कार से निकालने की कोशिश की लेकिन असफल रहे. इसके बाद, क्रेन की मदद से ट्रक और जीप को अलग किया गय और क्रूजर जीप को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए फौरन नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

हादसे में चालक के पास वाली सीट पर बैठी महिला का सिर कटकर सड़क पर गिर गया. पुलिस के अनुसार, ऐसी आशंका है कि हादसे के समय महिला का सिर खिड़की से बाहर होगा. इसी कारण सिर कटकर सड़क पर गिर गया. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि उत्तर प्रदेश में जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर में (20 फरवरी) गुरुवार सुबह अलग-अलग हादसों में आठ दर्शनार्थियों की मौत हो गई थी. जबकि कई लोग घायल हुए थे.
झारखंड से दर्शनार्थियों से भरी सूमो महाकुंभ प्रयागराज के बाद अयोध्या जा रही थी. बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर में सूमो को पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें पांच की मौत ही गई थी और छह अन्य घायल हुए थे. दूसरा हादसा भी कुछ देर बाद इसी स्थान पर हुआ था.
दिल्ली के दर्शनार्थियों को लेकर जा रही बस खड़ी राशन लदे ट्रक में जा घुसी थी. इसमें एक चालक और दो महिलाओं की मौत हो गई थी तथा कई अन्य घायल हो गए थे.
