भैंसो के झुंड से टकरा गई थी वंदे भारत ट्रेन, अब मालिकों के खिलाफ रेलवे ने दर्ज की FIR
फोटो: ट्विटर
नई दिल्ली | वंदे भारत ट्रेन गुरुवार सुबह हादसे का शिकार हो गई थी. दरअसल यह ट्रेन वटवा और मणिनगर स्टेशन के बीच जानवरों के एक झुंड से टकरा गई थी. यह ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद जा रही थी तभी यह हादसा हो गया. इस हादसे में ट्रेन के आगे का एक हिस्सा टूट गया था. रेलवे ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और अब खबर है कि जानवरों के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है.
पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ प्रवक्ता (अहमदाबाद मंडल) जितेंद्र कुमार जयंत ने कहा, “आरपीएफ ने अहमदाबाद में वटवा और मणिनगर रेलवे स्टेशनों के बीच वंदे भारत ट्रेन के रास्ते में आने वाली भैंसों के अज्ञात मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. भैंस मालिक के खिलाफ धारा 147 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. इसके मुताबिक रेलवे प्रॉपर्टी में अनाधिकृत तरीके से घुसना और संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अपराध है.”

रेल अधिकारी ने कहा कि गुजरात में गाय-भैंस पालने वाले वंदे भारत ट्रेन के टाइम टेबल से वाकिफ नहीं हैं. यही वजह है कि भैंसों के झुंड पटरियों पर आ गए. गाए-भैंस पालने वालों को जागरूक करने के लिए अब एक अभियान चलाया जाएगा.
दरअसल भारत की पहली हाई स्पीड ट्रेन – वंदे भारत गुरुवार को एक दुर्घटना का शिकार हो गई थी. इस दुर्घटना में जान माल का नुकसान नहीं हुआ था,लेकिन ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था. वंदे भारत को मुंबई सेंट्रल कोचिंग केयर सेंटर में ठीक किया गया है. वंदे भारत और रेलवे इंजीनियर सुपरवाइजर और काम करने वाले लोगों ने इसे मिलकर ठीक किया है. इसके अगले हिस्से को फिर से जोड़ दिया गया है.”

वंदे भारत ट्रेन गुरुवार सुबह 11:18 बजे हादसे का शिकार हो गई थी. ट्रेन वटवा और मणिनगर स्टेशन के पास जानवरों के झुंड से टकरा गई थी. यह ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद आ रही थी. हादसे में वंदे भारत ट्रेन के फ्रंट का हिस्सा टूट कर नीचे गिर गया था.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
