उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए पायलट के पत्नी से कहे अंतिम शब्द – ‘मेरी बेटी का ख्याल रखना…..’
फोटो: आईएएनएस
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के पास मंगलवार को एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था. हादसा कितना भीषण था इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में हेलीकॉप्टर का पायलट भी था.
यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि खराब मौसम और धुंध की वजह से विजिबिलिटी कम होना, हादसे का कारण बन गया. हालांकि, यह जांच का विषय है कि यह दुर्घटना कैसे हुई.
अब खबर सामने आई है कि हेलीकॉप्टर क्रैश होने की घटना से एक दिन पहले पायलट अनिल सिंह ने अपनी पत्नी को फोन किया था और कहा था कि बेटी का ख्याल रखना क्योंकि उसकी तबियत ठीक नहीं है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर पायलट अनिल सिंह ने अपनी पत्नी से कहा था, “बेटी का ख्याल रखना. वह अस्वस्थ है.” यह पायलट अनिल सिंह के अपनी पत्नी से कहे अंतिम शब्द थे. शायद ही किसी ने सोचा होगा कि ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा.
अनिल सिंह, अपने पीछे अपनी पत्नी शिरीन आनंदिता और बेटी फिरोजा सिंह को छोड़ गए हैं. अनिल, मुंबई के अंधेरी में रहते थे. वह 57 साल के थे.
आनंदिता ने पीटीआई को बताया कि उन्हें “किसी से कोई शिकायत नहीं है क्योंकि यह एक दुर्घटना है”.
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) और विमानन नियामक डीजीसीए की टीमें हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच करेंगी.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
