मातम में बदली शादी की खुशियां, दीवार तोड़ते हुए पलट गई तेज रफ्तार कार, दूल्हे और 2 मासूम समेत 8 की मौत
दर्दनाक हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए/ फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
संभल | उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हा समेत आठ लोगों की मौत हो गई और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसा जिले के थाना जुनावई क्षेत्र में हुआ जहां दूल्हा सहित आठ लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक हरगोविंदपुर के निवासी बदायूं बारात लेकर जा रहे थे. दुर्घटना में अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हैं.
हादसे के बाद पुलिस ने जेसीबी से गेट तोड़कर बमुश्किल सबको बाहर निकाला. हादसे में दूल्हा सूरजपाल, भाभी आशा और दो वर्षीय भतीजी एश्वर्या, परिवार के ही एक वर्षीय गणेश और कोमल की मृत्यु हो गई. घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया. हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर किया गया. अलीगढ़ ले जाने के दौरान दूल्हे की बहन मधु, चालक रवि, बहनोई सचिन की मृत्यु हो गई. घायलों में मृत गणेश के पिता देवा की हालत गंभीर है. जबकि, एक अन्य घायल हिमांशी की हालत खतरे से बाहर है. हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि ड्राइवर की लापरवाही से सड़क हादसा हुआ.
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया, “हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जब थाना जुनावई को सूचना मिली कि एक तेज रफ्तार न्यू मॉडल बोलेरो गाड़ी जनता इंटर कॉलेज की दीवार तोड़ते हुए पलट गई है. हादसा इतना भीषण था कि कार को जेसीबी की मदद से काटकर घायलों को बाहर निकाला गया.”
एसपी ने बताया, “गाड़ी में सवार लोग ग्राम हरगोविंदपुर (थाना जुनावई) के निवासी थे, जो बिल्सी (बदायूं) बारात लेकर जा रहे थे. दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायल लोगों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है.”
उन्होंने बताया, “मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है. प्रारंभिक जांच में यह हादसा ड्राइवर की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है.”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.
IANS
