6 सेकंड में वारदात को दिया अंजाम, गोपाल खेमका की हत्या का सीसीटीवी फुटेज आया सामने…
बिहार के बड़े व्यापारी और उद्योगपति गोपाल खेमका की पटना में गांधी मैदान थाना से महज 500 मीटर दूर अपने ही अपार्टमेंट के सामने हत्या का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. वीडियो में अकेला शूटर अपार्टमेंट के गेट के बाहर उनके आने का इंतजार करता दिख रहा है. हेलमेट पहना हत्यारा रात 11.38 बजे खेमका को 6 सेकेंड में गोली मारने के बाद एक स्कूटी से भागता दिख रहा है. खेमका की कार के पीछे एक और कार लगती है, लेकिन उस गाड़ी में बैठे लोग जब तक माजरा समझकर बाहर निकलते है, तब तक हत्यारा भाग चुका होता है. वीडियो में गेट खोलने आता गार्ड भी दिख रहा है. खेमका की कार के रुकने के लगभग 20 सेकेंड बाद गार्ड आता दिख जाता है.
गोपाल ख़ेमका की गाड़ी दरवाज़े पर लगी …अपराधी आराम से आता है हेलमेट लगाए, पीछे एक और गाड़ी है फिर भी बिना किसी डर का सर में सटा के गोली मार देता है और निकल जाता है #gopalkhemka #Bihar pic.twitter.com/FOqp5AiamQ
— Mukesh singh (@Mukesh_Journo) July 5, 2025
गोपाल खेमका के भाई शंकर खेमका ने बताया कि गोपाल बांकीपुर क्लब के डायरेक्टर थे और रात में वहीं से लौट रहे थे. गोपाल नियमित रूप से क्लब जाते थे. झगड़ा या विवाद से इनकार करते हुए शंकर ने कहा कि दुश्मनी जैसी कोई बात होती तो भाई रात में इस तरह नहीं लौटते. शंकर ने कहा कि पुलिस पता लगाए और बताए कि गोपाल को किसने और क्यों मारा. शंकर ने बताया कि गोपाल को बेटे-बहू अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शंकर ने कहा कि सूचना देने के बाद गांधी मैदान थाना पुलिस रात 1.30 बजे, टाउन डीएसपी एसपी पौने 2 बजे और सिटी एसपी 2.30 बजे आई हैं.
गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की भी 2018 में हाजीपुर में उनकी फैक्ट्री के गेट पर इसी तरह से हत्या हो गई थी जब पहले से इंतजार कर रहे हत्यारों ने गुंजन को गोलियों से भून डाला था. गोपाल खेमका को बेटे की हत्या के बाद कुछ समय के लिए पुलिस सुरक्षा मिली थी लेकिन बाद में हटा ली गई. गोपाल खेमका भाजपा से जुड़े थे और उनकी हत्या के बाद विपक्षी नेताओं ने नीतीश सरकार की कानून-व्यवस्था के दावों पर हमला बोल दिया है. तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार में हर महीने सैकड़ों हत्या हो रही है लेकिन इसे जंगलराज नहीं कहा जाएगा.
