डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी क्यों हार गई मिडटर्म चुनाव ? उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बताया कारण
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (फोटो: आईएएनएस)
डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी क्यों हार गई मिडटर्म चुनाव ? उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बताया कारण
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के नतीजे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए चौंकाने वाले रहे हैं। रिपब्लिकन पार्टी के कई बड़े चेहरे इस चुनाव में हार गए। ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने सीनेट से अपनी पकड़ गंवा दी है। किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए मिडटर्म में यह एक बड़ी हार है। नतीजे सामने आने के बाद ट्रंप प्रशासन की तरफ से राष्ट्रपति की नीतियों पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हार के लिए चार कारण गिनाए हैं। इनमें सबसे ऊपर उन्होंने ईरान युद्ध को रखा है।
मिडटर्म चुनाव नतीजों के सामने आने के बाद जेडी वेंस ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखकर कहा कि डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन करने वाले कई मतदाताओं ने प्रशासन के विरोध में अपना पक्ष बदल लिया। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी को मुख्य रूप से इसलिए हार नहीं मिली कि उनके समर्थक मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंचे। इसके बजाय, उनका तर्क है कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रम्प-वेंस टिकट को वोट देने वाले काफी लोगों ने 3 नवंबर के मध्यावधि चुनावों में पार्टी के खिलाफ रुख अपना लिया।
ट्रंप समर्थक क्यों हुए रिपब्लिकन पार्टी से नाराज, वेंस ने बताए चार कारण
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने हार के मुख्य तौर पर चार कारण बताए। इसमें ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई, अमेरिका फर्स्ट के एजेंडे पर प्रशासन की नीति और इजरायल के साथ अमेरिका के संबंध। वेंस ने लिखा, ”हमारी हार की वजह वह युद्ध है।” उन्होंने कहा कि अगर लोग यह तर्क देना चाहते हैं कि अगले छह साल के लिए सीनेट पर अपना नियंत्रण खो देना सही है, तो बेशक ऐसा तर्क दें। उन्होंने कहा, ”आप सहमत हों या असहमत, कम से कम यह एक ईमानदार बात तो होगी।”
बता दें, वेंस का यह बयान साफ तौर पर ट्रंप प्रशासन के भीतर के उस माहौल को सामने रखता है, जिसमें वह यह मानते हैं कि ईरान युद्ध उनके लिए एक राजनीतिक बोझ बन गया है।
ट्रंप समर्थकों ने ही नहीं किया पार्टी को वोट
वेंस ने कहा कि प्रशासन की नीतियों की वजह से इस बार उन लोगों ने भी रिपब्लिकन पार्टी को वोट नहीं दिया, जो ट्रंप समर्थक हैं। उन्होंने लिखा कि रिपब्लिकन डेटा विश्लेषकों ने मतदाताओं की संरचना का अध्ययन करने में काफी समय बिताया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वोट देने आए लोग वैसे ही हैं, जिन्होंने 2024 में ट्रम्प का समर्थन किया था।
हालांकि पोल में डेमोक्रेट्स की बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया था, लेकिन शुरुआती आंतरिक आकलन से पता चला कि रिपब्लिकन समर्थक काफी संख्या में बाहर निकल रहे थे, जिससे पार्टी मुकाबले में बनी हुई थी। वेंस ने बताया कि उन्होंने विश्लेषक से पूछा था कि क्या इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि रिपब्लिकन चुनाव की रात कोई चौंकाने वाला परिणाम दे सकते हैं। विश्लेषक ने जवाब दिया, “नहीं। हो सकता है कि हम पोल के अनुमानों से बेहतर प्रदर्शन करें। लेकिन डेटा बता रहा है कि 2024 में ट्रम्प/वेंस को वोट देने वाले कई मतदाता नाराज हैं और दूसरी तरफ (विपक्ष को) वोट देने की योजना बना रहे हैं। हमारे समर्थक बाहर तो आ रहे हैं, लेकिन हो सकता है कि वे हमें वोट न दें।”
वेंस बोले- विश्लेषक ने चुनाव में जीत हासिल करने के लिए चार मुद्दे बताए थे
अमेरिकी उप राष्ट्रपति ने बताया कि मिडटर्म चुनाव में पार्टी की बिगड़ती हुई हालत का अंदाजा उन्हें था। इसके लिए उन्होंने विश्लेषकों से इस हार को जीत में बदलने के लिए क्या किया जाए इसके बारे में पूछा था। बकौल वेंस, इसके जवाब में विशेषज्ञ ने मुख्य रूप से चार मुद्दे बताए थे। इनमें सबसे पहले था युद्ध का खत्म होना, दूसरा महंगाई का कम होना। इसके अलावा बाकी दो में अमेरिका फर्स्ट के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता और इजरायल के साथ वाशिंगटन के संबंधों में बदलाव लाना।
बता दें, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान जबरदस्त तरीके से अमेरिकी नीतियों में बदलाव किया है। कई मुद्दों पर उनके समर्थकों ने ट्रंप का साथ दिया। लेकिन बात जब अमेरिका में महंगाई बढ़ने पर आ गई, तो ट्रंप समर्थक उनसे छिटक गए। कम से कम मिडटर्म चुनाव के नतीजे तो यही कहानी बयान कर रहे हैं। ईरान युद्ध की वजह से महंगा हुआ, कच्चा तेल ट्रंप के लिए एक बड़ा सिरदर्द साबित हुआ। ट्रंप इस चुनाव को जीतने के लिए इस हद तक चले गए कि उन्होंने रूस से डीजल खरीदना भी शुरू कर दिया। लेकिन यह भी उनकी हार को नहीं टाल सका।
ट्रंप के बेटे ने भी किया जेडी वेंस का समर्थन
जेडी वेंस द्वारा अमेरिका मिडटर्म हार में ईरान युद्ध को वजह बताया गया है। वेंस के इस पूरे विश्लेषण का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने समर्थन किया है। उन्होंने वेंस की एक्स पोस्ट को शेयर करते हुए उसके ऊपर लिखा कि इस पोस्ट का हर शब्द 100 प्रतिशत सही है।
डोनाल्ड ट्रंप ने हाउस और सीनेट में गंवाया बहुमत
अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस की तरफ से यह विश्लेषण ऐसे वक्त में सामने आया है, जब ट्रंप सीनेट और हाउस में बहुमत खो चुके हैं। बता दें, मिडटर्म चुनाव में हाउस में कुल 435 सीटों पर चुनाव हुए थे। इसमें से ट्रंप विरोधी डेमोक्रेटिक पार्टी ने 228 सीटें जीती हैं, जबकि रिपब्लिकन ने केवल 139 सीटें जीती हैं। दूसरी तरफ सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर भी चुनाव हुए थे। इसमें से डेमोक्रेटिक पार्टी ने 20 पर जीत दर्ज की है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के हाथ केवल 13 सीटें लगी हैं। 2 सीटों पर अभी भी गिनती जारी है। अब 100 सीटों वाले सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 54 और रिपब्लिकन पार्टी के पास 44 सीटें हैं।
