तो क्या जेल जाएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बेटे हंटर? यह आरोप है हंटर बाइडेन पर
वाशिंगटन | अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बेटे हंटर बाइडेन पर गुरुवार को गन (बंदूक) से संबंधित मामले में आरोप तय किए गए. दरअसल, हंटर बाइडेन को अवैध रूप से बंदूक रखने के मामले में दोषी करार दिया गया है. यह पहला मौका है, जब अमेरिका में किसी मौजूदा राष्ट्रपति के बेटे के खिलाफ आपराधिक आरोप तय हुए हैं.
हंटर पर आरोप है कि उन्होंने हथियार खरीदने के लिए कई बार झूठ बोला.
उन पर अक्टूबर 2018 में बंदूक खरीदने के दौरान अपनी नशे की लत को लेकर झूठ बोलने का भी आरोप है. बयान में कहा गया कि हंटर बाइडेन ने जब अक्टूबर 2018 में डेलावेयर राज्य के एक स्टोर से बंदूक खरीदी थी तो उस समय (बंदूक खरीदने के लिए) उन्होंने जो फॉर्म भरे थे, उसमें उन्होंने गलत जानकारी दी थी. उन्होंने उस समय कहा था कि वह ड्रग्स के आदी नहीं है जबकि ऐसा नहीं था.

मामले की जांच ट्रंप द्वारा नियुक्त अमेरिकी वकील डेविड वीस कर रहे हैं, जिन्हें राष्ट्रपति बाइडेन ने पद पर बनाए रखा. यानि डेविड वीस की नियुक्ति डोनाल्ड ट्रम्प के कार्यकाल में हुई थी. डेविड को अब स्पेशल काउंसिल (विशेष वकील) के रूप में फिर से नामित किया गया है.
डेलावेयर राज्य की एक संघीय अदालत में गुरुवार को अभियोग दायर किया गया, और हंटर बाइडेन पर तीन मामलों में आरोप लगे. हंटर बाइडेन ने दावा किया था कि जब उन्होंने कोल्ट कोबरा रिवॉल्वर खरीदा था तो वह ड्रग का उपयोग नहीं करते थे.
हथियार खरीदने के समय फॉर्म में गलत जानकारी देने के आरोप में अधिकतम सजा 10 साल है. वही ड्रग्स के प्रभाव में होते हुए बंदूक साथ रखने के आरोप में अधिकतम सजा 05 साल है.
हंटर बाइडेन पर लगे इन आरोपों से रिपब्लिकन पार्टी को राष्ट्रपति बाइडेन पर निशाना साधने का मौका मिल गया है. यह खबर ऐसे समय पर सामने आई है, जब अगले साल देश में राष्ट्रपति चुनाव होने है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
