पाकिस्तानी न्यूज चैनल ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि तो आपा खो बैठी पाक सेना, लिया गया यह एक्शन….
फोटो क्रेडिट : आइएएनएस
पाकिस्तानी न्यूज चैनल ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि तो आपा खो बैठी पाक सेना, लिया गया यह एक्शन….
भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले के निधन पर पाकिस्तान में भी शोक की लहर देखने को मिली लेकिन उन्हें श्रद्धांजलि देना वहां के एक प्रमुख न्यूज चैनल के लिए समस्या का कारण बन गया. पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (PEMRA) ने Geo न्यूज को ‘भारतीय कंटेंट’ प्रसारित करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में ही PEMRA को तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.
दरअसल, Geo न्यूज ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष कार्यक्रम प्रसारित किया था जिसमें उनके लोकप्रिय गीतों और भारतीय फिल्मों के दृश्य दिखाए गए थे. PEMRA ने इसे 2018 में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट द्वारा भारतीय सामग्री पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की है. नोटिस में कहा गया है कि यह प्रसारण PEMRA अध्यादेश 2002 की धारा 20 (f) समेत अन्य नियमों का उल्लंघन है. चैनल के सीईओ मीर इब्राहिम रहमान को 27 अप्रैल को पेश होने और 14 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है.
इस कदम के बाद पाकिस्तान के पत्रकारों, कलाकारों और नागरिक समाज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. Geo न्यूज के प्रबंध निदेशक अजहर अब्बास ने कहा कि किसी महान कलाकार को श्रद्धांजलि देते समय उनके कार्यों को प्रस्तुत करना स्वाभाविक है. उन्होंने जोर देकर कहा कि कला और संस्कृति मानवता की साझा विरासत है जिसे सीमाओं में नहीं बांधा जाना चाहिए.
वरिष्ठ पत्रकार रऊफ क्लासरा ने इस फैसले की तुलना तानाशाही दौर से करते हुए इसे समय के विपरीत बताया. वहीं, पाकिस्तानी कलाकारों और राजनेताओं ने भी कहा कि कला की कोई सीमा नहीं होती और इसे राजनीतिक विवादों से ऊपर रखा जाना चाहिए.
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई न केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करती है, बल्कि साझा सांस्कृतिक विरासत को भी नुकसान पहुंचाती है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
