यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज ?, क्या बताया मौसम विभाग ने ?

weather3

सांकेतक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज ?, क्या बताया मौसम विभाग ने ?

 

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है. अप्रैल के महीने में ‘ठंडक’ ने लोगों को हैरान कर दिया है. आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) की जिला-वार चेतावनी के अनुसार, राज्य के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के संकेत हैं.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, आगरा सहित कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं मध्य क्षेत्र के लखनऊ, सीतापुर, उन्नाव, कानपुर और आसपास के इलाकों में भी मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के पीछे ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय सिस्टम और सतह पर बढ़ती गर्मी जिम्मेदार है. गर्म और नम हवाओं के ठंडी हवाओं से टकराने के कारण थंडरस्टॉर्म की स्थिति बन रही है जिससे अचानक आंधी और बारिश हो रही है.

IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, तथा गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है. किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है.

आने वाले 24 घंटों में भी मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना नहीं है. कई जिलों में बारिश और आंधी का असर बना रह सकता है. हालांकि शनिवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन


The Hindi Post
error: Content is protected !!