यूपी: हुक्का बार में पुलिस का छापा, 2 दर्जन से ज्यादा लड़के-लड़कियां हिरासत में
ग्रेटर नोएडा | गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा इलाके में एक मॉल के अंदर चल रहे हुक्का बार पर छापेमारी हुई है। आज पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की जिसमें करीब 29 लड़के-लड़कियों को हिरासत में लिया गया है। यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र का है।
ग्रेटर नोएडा के अंसल मॉल में चल रहे हुक्का बार में जब पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने एक साथ छापेमारी की तो वहां पर देखने को मिला कि भारी मात्रा में हुक्के का नशीला पाउडर इस्तेमाल किया जा रहा था। साथ ही साथ वहां पर हुक्के की आड़ में शराब भी पिलाई जा रही थी।

पुलिस और आबकारी विभाग की छापेमारी लगातार जारी है। बार में भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है।
डीसीपी, एडीसीपी, आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर, एसएचओ समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है। शराब और बीयर की बोतले बरामद हुई हैं। हुक्का बार का नाम लुसिफर है।
पुलिस को और आबकारी विभाग को शिकायत मिली थी कि काफी समय से यह चोरी छुपे हुक्का बार और उसकी आड़ में शराब लड़के लड़कियों को परोसी जा रही है।
आईएएनएस
