“ये गुस्सा नहीं सोची-समझी …”, पत्नी और दो बेटियों को मारकर घर में दफनाने वाले फारुख के लिए परिजनों ने मांगी मौत की सजा

man murders wife and daughters Shamli 2 (1)

आरोपी फारुख की फाइल फोटो / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

“ये गुस्सा नहीं सोची-समझी …”, पत्नी और दो बेटियों को मारकर घर में दफनाने वाले फारुख के लिए परिजनों ने मांगी मौत की सजा

 

शामली | शामली (यूपी) के कांधला थाना क्षेत्र में पत्नी और दो मासूम बेटियों की नृशंस हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बुर्का न पहनने और घरेलू कलह को लेकर की गई इस जघन्य वारदात के खुलासे के बाद मृतका ताहिरा के परिजनों में गहरा आक्रोश है. पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद परिजनों ने आरोपी फारुख के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग करते हुए कहा कि जिसने अपने ही परिवार को बेरहमी से मार डाला उसके लिए किसी भी तरह की नरमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सरकार और प्रशासन से आरोपी को ‘फांसी’ देने की मांग की.

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों की आंखों में आंसू और चेहरे पर गुस्सा साफ नजर आया. उनका कहना है कि यह हत्याकांड गुस्से का नतीजा नहीं बल्कि पहले से रची गई साजिश का परिणाम है. परिजनों के अनुसार, आरोपी ने पहले गड्ढा खुदवाया फिर हथियार और कारतूस जुटाए और इसके बाद पत्नी व दोनों बेटियों की हत्या कर उनके शवों को घर में ही दफना दिया. इससे साफ होता है कि उसने पूरी योजना के तहत इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हत्या के बाद फारुख छह दिनों तक गांव और परिवार को झूठ बोलकर गुमराह करता रहा. वह लोगों से पूछता रहा कि ताहिरा और बच्चे कहा है जबकि सच्चाई उसी के घर में दबी हुई थी. परिजनों का कहना है कि यह व्यवहार आरोपी की क्रूर मानसिकता को उजागर करता है. उन्होंने पुलिस से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर समाज को कड़ा संदेश दिया जाना चाहिए.

वहीं पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि आरोपी के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए गए हैं और मामले को पूरी मजबूती से अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस के अनुसार, हथियारों की खरीद, कारतूस की व्यवस्था और गड्ढा खुदवाने समेत सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि यह मामला ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ की श्रेणी में आता है और कानून के तहत सबसे सख्त सजा की मांग की जाएगी.

गौरतलब है कि गढ़ी दौलत गांव में ताहिरा और उसकी दो बेटियां संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी. जांच के दौरान शक पति फारुख पर गया. पूछताछ में उसने कबूल किया कि पत्नी के बुर्का न पहनने और घरेलू विवाद के चलते उसने पहले पत्नी और बड़ी बेटी को गोली मारी जबकि छोटी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी. बाद में तीनों शवों को घर में दफना दिया गया. पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!