बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री निलंबित, इस्तीफे के बाद सरकार की बड़ी कार्रवाई
अपने आवास के गेट के बाहर हाथ से लिखा पोस्टर लेर खड़े सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
UP Government Suspends Bareilly City Magistrate Alankar Agnihotri After Resignation
लखनऊ | बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट (पीसीएस अधिकारी) अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार (26 जनवरी) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन और यूजीसी के नए नियमों के विरोध में रिजाइन कर दिया था. 2019 बैच के अधिकारी अग्निहोत्री ने राज्यपाल और बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह को ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा भेजा था. अब यूपी सरकार ने एक्शन लेते हुए उन्हें निलबिंत कर दिया है.
सरकार की बड़ी कार्रवाई, निलंबन के आदेश
उत्तर प्रदेश सरकार ने अलंकार अग्निहोत्री को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. बरेली मंडल के आयुक्त को मामले की विभागीय जांच का जिम्मा सौंपा गया है. निलंबन अवधि के दौरान अलंकार अग्निहोत्री को केवल जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और जांच पूरी होने तक वह शामली के जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध रहेंगे.
UGC नियमों और माघ मेले की घटना को बताया इस्तीफे की वजह
अलंकार अग्निहोत्री ने अपने इस्तीफे में यूजीसी के नए नियम और माघ मेले के दौरान शंकराचार्य के बटुक शिष्यों के साथ हुई कथित बदसलूकी पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने यूजीसी नियमों को ‘काला कानून’ करार देते हुए कहा था कि इससे कॉलेजों और विश्वविद्यालयों का शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि मौनी अमावस्या स्नान के दौरान बटुक शिष्यों के साथ मारपीट हुई थी लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.
Hindi Post Dot In
