13 साल की लड़की से हैवानियत : होटल से लेकर स्पा सेंटर तक दरिंदगी, 15 दिन की बर्बरता की दास्तां सुन कांप जाएगी रूह
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
13 साल की लड़की से हैवानियत : होटल से लेकर स्पा सेंटर तक दरिंदगी, 15 दिन की बर्बरता की दास्तां सुन कांप जाएगी रूह
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक 13 वर्षीय मासूम लड़की न केवल अपने ‘प्रेमी’ के धोखे का शिकार हुई, बल्कि दरिंदों के एक पूरे सिंडिकेट ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया. यह मामला तब उजागर हुआ जब पुलिस ने गुमशुदा किशोरी को एक होटल से बरामद किया और उसकी आपबीती सुनकर खुद अधिकारी भी दंग रह गए. इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लापरवाही बरतने के आरोप में गोरखनाथ थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है.
घटनाक्रम के अनुसार, गोरखनाथ क्षेत्र की रहने वाली इस किशोरी का पिछले 6 महीनों से शाहपुर के एक युवक के साथ कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग चल रहा था. 1 जनवरी को वह युवक के झांसे में आकर घर से निकल गई. आरोपी उसे गीडा थाना क्षेत्र के एक होटल में ले गया जहां उसने तीन दिनों तक उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. इसके बाद आरोपी युवक मासूम को वहीं लावारिस छोड़कर फरार हो गया. किशोरी के होटल में अकेले होने का फायदा उठाते हुए होटल मालिक और मैनेजर ने भी उसके साथ कथित तौर पर दरिंदगी की.
पीड़िता का आरोप है कि जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे उपचार देने के बजाय नशीली दवाएं खिलाकर लगातार दुष्कर्म किया जाता रहा. जुर्म की पराकाष्ठा तब हुई जब होटल मालिक और मैनेजर ने किशोरी को कथित तौर पर बड़हलगंज स्थित एक स्पा सेंटर को बेच दिया. स्पा सेंटर के मैनेजर ने भी मासूम के साथ हैवानियत की और बाद में उसे वापस उसी होटल में छोड़ दिया. 1 जनवरी से लापता इस बच्ची की तलाश में जुटी पुलिस ने जब शनिवार को उसे बरामद किया, तब इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम का खुलासा हुआ.
इस मामले में पुलिस प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है. आरोपी प्रेमी और दो अन्य को हिरासत में लेने के साथ ही अन्य फरार दोषियों की तलाश तेज कर दी गई है. जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से स्पा को सील कर दिया है और संबंधित होटल की भी गहन जांच की जा रही है. कर्तव्य में लापरवाही और मामले की गंभीरता को समय रहते न समझने के कारण गोरखनाथ थाना इंस्पेक्टर पर निलंबन की गाज गिरी है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है और सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम धाराओं में मुकदमा चलाकर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
Hindi Post Dot In
