यूपी उपचुनाव : कानपुर की सीसामऊ सीट का क्या है हाल?, कितने वोटों से आगे है सपा की नसीम सोलंकी?

Story By IANS, Edited By: HP
The Hindi Post

कानपुर | कानपुर (यूपी) की सीसामऊ सीट से समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ी नसीम सोलंकी 8,564 वोटों से भारतीय जनता पार्टी के सुरेश अवस्थी से आगे चल रही है.

यहां 20 राउंड मतगणना होनी थी. मतगणना का काम पूरा हो गया है. चुनाव आयोग के अनुसार, 20 राउंड की मतगणना के बाद नसीम सोलंकी 8,564 वोटों से आगे चल रही है. इस तरह नसीम की जीत तय मानी जा रही है.

अभी आधिकारिक तौर पर नसीम सोलंकी की जीत की घोषणा नहीं हुई है.

उत्तर प्रदेश उपचुनाव में मतदान के दौरान नौ सीटों में से इसी सीट (सीसामऊ) पर जमकर हंगामा हुआ था. भाजपा और सपा के लिए यह सीट काफी महत्वपूर्ण है. सपा से पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को पिछले दिनों सजा होने के कारण यह सीट रिक्त हो गई थी. सपा ने यहां से उनकी पत्नी नसीम सोलंकी को उतारा था. जबकि भाजपा ने यहां से सुरेश अवस्थी पर दांव खेला.

उल्लेखनीय है कि नसीम सोलंकी के खिलाफ फतवा भी जारी हुआ था. ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने फतवा जारी किया था. मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने फतवा जारी करते हुए कहा कि नसीम सोलंकी शरीयत की मुजरिम हैं. उन्हें तौबा करना चाहिए और दोबारा कलमा पढ़ना चाहिए क्योंकि इस्लाम में मूर्ति पूजा वर्जित है.

दरअसल, नसीम सोलंकी ने दीपावली के दिन शिव मंदिर में पूजा अर्चना की थी. इसके बाद उन्होंने दीप भी जलाए थे. शिव मंदिर में जलाभिषेक और दीप दान का वीडियो वायरल होने के बाद उन पर सवाल उठे थे.

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में 9 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आज यानि 23 नवंबर को आ रहे हैं. इसके अलावा महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना हो रही है.

Hindi Post Web Desk

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!