कंडक्टर ने परिवहन मंत्री को चलती बस से उतारा, क्या है यह मामला ?, VIDEO

Karnataka Transport Minister B. Suresh Conducts Reality Check (2)

कर्नाटक के परिवहन मंत्री बिरथी सुरेश ने आम यात्री बनकर बीएमटीसी बस में सफर किया

The Hindi Post

कंडक्टर ने परिवहन मंत्री को चलती बस से उतारा, क्या है यह मामला ?, VIDEO   – BIG NEWS

 

“छुट्टे पैसे नहीं हैं तो बस से नीचे उतर जाओ!”—सार्वजनिक बसों में आम मुसाफिरों को रोजाना दी जाने वाली यह दोटूक नसीहत शनिवार को खुद कर्नाटक के परिवहन मंत्री बी. सुरेश (बिरथी सुरेश) को सुननी पड़ गई. दरअसल, बेंगलुरु की लाइफलाइन कही जाने वाली ‘बीएमटीसी’ (BMTC) बसों की जमीनी हकीकत जानने के लिए मंत्री महोदय बिना किसी लाव-लश्कर और सुरक्षा घेरे के, चेहरा छिपाकर एक ‘अंडरकवर मिशन’ पर निकले थे.

इस रियलिटी चेक के दौरान जब वह हेब्बल-नागाशेट्टीहल्ली रूट की बस में सवार हुए और टिकट के लिए 100 रुपये का नोट निकाला तो कंडक्टर ने खुले पैसे न होने की बात कह कर बस से नीचे उतरने को कह दिया. इस इकलौती घटना ने न सिर्फ परिवहन विभाग के दावों की पोल खोल दी, बल्कि बेंगलुरु में रोजाना सफर करने वाले लाखों आम यात्रियों के उस रोजमर्रा के दर्द और जिल्लत को भी बेपर्दा कर दिया जिसे वे सालों से खामोशी से झेल रहे हैं.

लापरवाही पर ड्राइवर-कंडक्टर सस्पेंड

परिवहन मंत्री ने चेहरे पर मास्क लगाकर करीब दो घंटे तक 10 से अधिक बसों में सफर किया. इस दौरान उन्होंने बसों में भारी भीड़, लेती-लतीफी, चालकों-परिचालकों के व्यवहार और बस स्टॉप पर गाड़ियां न रोकने जैसी लापरवाहियों को करीब से देखा. सबसे गंभीर मामला तब सामने आया जब फन वर्ल्ड बस स्टॉप पर यात्री के इशारा करने के बावजूद ड्राइवर ने बस नहीं रोकी. मंत्री बिरथी सुरेश ने इस लापरवाही पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेते हुए मौके पर ही बस के ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को सस्पेंड (निलंबित) करने का आदेश दे दिया.

ऑटो के किराए का विवाद भी सुलझाया

बसों के अलावा मंत्री ने ऑटो चालकों की मनमानी का भी अनुभव किया. नागाशेट्टीहल्ली में बस से उतरने के बाद उन्होंने देखा कि मीटर में 30 रुपये का किराया दिखने के बावजूद एक ऑटो चालक यात्री से 36 रुपये मांग रहा था जिससे दोनों के बीच बहस हो रही थी. मंत्री ने तुरंत इस मामले में दखल दिया और ऑटो चालक को नियमों के तहत ही किराया लेने की सख्त हिदायत दी.

जारी रहेगा सरप्राइज इंस्पेक्शन: परिवहन मंत्री

इस पूरे अनुभव को बेहद चिंताजनक बताते हुए परिवहन मंत्री बिरथी सुरेश ने कहा, “मैं आम नागरिकों की तरह यात्रा करके उनकी जमीनी समस्याओं और दर्द को समझना चाहता था. बसों में स्टाफ की लापरवाही, चेंज की समस्या और ऑटो किराए में मनमानी जैसे मुद्दों को जल्द से जल्द हल किया जाएगा.” उन्होंने स्पष्ट किया कि बेंगलुरु में यह औचक निरीक्षण (सरप्राइज इंस्पेक्शन) अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि स्टाफ में अनुशासन लाया जा सके और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर व जवाबदेह बनाया जा सके.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!