भयानक घटना: सिलेंडर विस्फोट से दो लोगों की मौत, 6 वर्षीय बच्ची ने पहली मंजिल से कूदकर ….

Blur_Cylinder LPG Gas Depositphotos_886015402_XL (1) (1) (1)
The Hindi Post

भयानक घटना: सिलेंडर विस्फोट से दो लोगों की मौत, 6 वर्षीय बच्ची ने पहली मंजिल से कूदकर ….

 

पुणे | महाराष्ट्र में पुणे जिले के खंडवे नगर इलाके में शुक्रवार सुबह एलपीजी गैस सिलेंडर में विस्फोट से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है. इस दौरान छह वर्षीय बच्ची ने पहली मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पुराना एलपीजी सिलेंडर खत्म होने के बाद नया सिलेंडर लगाया जा रहा था. इसी दौरान गैस रिसाव हुआ और गैस पूरे कमरे में फैल गई. कुछ ही देर बाद हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे घर को आग की चपेट में ले लिया.

अग्निशमन विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:15 बजे खंडवे नगर स्थित एक मकान में आग लगने और सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली. सूचना मिलते ही खराडी, धानोरी और येरवडा फायर स्टेशन से तीन दमकल वाहन मौके पर भेजे गए.

दमकलकर्मियों के पहुंचने तक ग्राउंड प्लस पहली मंजिल पर भीषण आग फैल चुकी थी. फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत पानी की बौछार शुरू कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

इस हादसे में विष्णु गीते (60), रुंदीवनिका विष्णु गीते (50) और पांडुरंग विष्णु गीते (35) गंभीर रूप से झुलस गए थे. इनमें से दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.

इस दर्दनाक घटना के बीच छह वर्षीय निहारिका गीते की सूझबूझ ने उसकी जान बचा ली. आग और धुएं से घिरने के बाद निहारिका ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी. इस दौरान उसे और उसकी मां को मामूली चोटें आईं. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि आग में फ्लैट का हॉल पूरी तरह जलकर खाक हो गया. फर्नीचर, टेलीविजन, बिजली की वायरिंग और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गए. बाथरूम और शौचालय के दरवाजे, गीजर, रसोई में रखा फ्रिज और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए. पूरे फ्लैट में धुआं भर जाने से दीवारें काली पड़ गईं.

दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया. अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

 

पुणे में सिलेंडर विस्फोट से दो लोगों की मौत, 6 वर्षीय बच्ची ने पहली मंजिल से कूदकर बचाई जान

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!