“होर्मुज खोलों नहीं तो….”, ट्रंप की ईरान को धमकी, दिया बस इतने घंटो का समय
फोटो: आईएएनएस
“होर्मुज खोलों नहीं तो….”, ट्रंप की ईरान को धमकी, दिया बस इतने घंटो का समय
वाशिंगटन | अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है. यह चेतावनी होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) की नाकेबंदी को लेकर दी गई है. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर सख्त लहजे में लिखा, “नाकेबंदी हटाओ, वरना तबाही के लिए तैयार रहो.”
ट्रंप ने अपनी पिछली चेतावनी का हवाला देते हुए कहा कि ईरान को पहले भी डील करने या होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए समय दिया गया था. उन्होंने लिखा, “समय तेजी से खत्म हो रहा है—48 घंटे बाद स्थिति और गंभीर हो सकती है.”
हाल के दिनों में ट्रंप के बयान इस मुद्दे पर बदलते रहे हैं. पहले उन्होंने 48 घंटे में कार्रवाई की बात कही, फिर समयसीमा बढ़ाकर 10 दिन कर दी. इस बीच उन्होंने नाटो पर भी निशाना साधते हुए कहा कि होर्मुज को खुलवाने की जिम्मेदारी अब अन्य देशों की भी है.
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका को इस मार्ग से तेल की विशेष आवश्यकता नहीं है, जबकि जो देश इस पर निर्भर हैं उन्हें इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी उठानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कई देशों के पीछे हटने के कारण अमेरिका को यह सख्त रुख अपनाना पड़ा.
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से ही ईरान ने इस रणनीतिक जलमार्ग को लगभग बंद कर दिया है. इससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ा है.
होर्मुज को लेकर ट्रंप की धमकी, बोले-‘नहीं माने तो 48 घंटे बाद बरपेगा कहर’ (IANS)
