भूटान में 5.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप; उत्तर बंगाल, पूर्वोत्तर भारत और बांग्लादेश तक धरती कांपी
सांकेतिक तस्वीर
भूटान में 5.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप; उत्तर बंगाल, पूर्वोत्तर भारत और बांग्लादेश तक धरती कांपी
रविवार देर रात भूटान में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद उत्तर बंगाल, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और पड़ोसी देश बांग्लादेश में भी तेज झटके महसूस किए गए. अचानक आए इन झटकों से सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मच गया और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए.
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, रात करीब 11:06 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 मापी गई है. इसका केंद्र पश्चिम बंगाल के उत्तर में स्थित भूटान के पुनाखा में जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था. कम गहराई पर केंद्र होने के कारण इसके झटके काफी दूर तक और तेज महसूस हुए.
भूकंप के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर के इंटरनेट उपभोक्ताओं ने झटके महसूस होने के अपने अनुभव साझा किए. राहत की बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा में फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई तत्काल सूचना नहीं है.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूटान में आई इस आपदा से कुछ ही घंटे पहले अफगानिस्तान में भी 4.0 तीव्रता का भूगर्भीय झटका दर्ज किया गया था जिसकी गहराई जमीन से लगभग 160 किलोमीटर नीचे थी.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
