यूपी के बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंफर ने सो रहे परिवार को रौंदा, 4 की मौत
यूपी के बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंफर ने सो रहे परिवार को रौंदा, 4 की मौत
बाराबंकी | उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में तेज रफ्तार डंफर ने सड़क किनारे सो रहे एक परिवार को रौंद दिया. इस हादसे में पिता और तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई.
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की है. भीषण गर्मी और बिजली न आने के कारण 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ घर के बाहर सड़क किनारे सो रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार डंफर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर परिवार के ऊपर चढ़ गया. हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
हादसे में नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका, 6 वर्षीय आशू और पत्नी आरती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान अंशिका और आशू ने भी दम तोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल आरती की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है.
Barabanki, Uttar Pradesh: In a road accident in the Fatehpur police station area , a speeding dumper truck ran over a family sleeping outside their house, killing a father and his three children, while the wife sustained critical injuries. pic.twitter.com/cxt6XBQWPr
— IANS (@ians_india) May 23, 2026
परिजनों के मुताबिक नीरज किराए पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे.
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. आनंद ने बताया कि मरीजों को सुबह करीब 5:15 बजे एम्बुलेंस से अस्पताल लाया गया. दो बच्चों को गंभीर चोटों के साथ मृत अवस्था में लाया गया था. एक महिला को भी लाया गया, जिसके पैर में कुचलने से गंभीर चोट आई थी और उसका इलाज अभी चल रहा है. मृतकों में 35 वर्षीय नीरज, 13 वर्षीय अनुराग, 10 वर्षीय अंशिका और 6 वर्षीय आशू शामिल हैं.
उन्होंने आगे बताया कि नीरज और अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अंशिका और आंशू ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया.
