दर्दनाक हादसा: बेकाबू होकर पलटी बोलेरो, तीन छात्राओं की मौत, 11 गंभीर रूप से घायल

Maharajganj Accident (1)
The Hindi Post

महराजगंज | महराजगंज (यूपी ) के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां फरेंदा-धानी मार्ग पर ग्राम सभा सिकंदरा जीतपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास छात्राओं से भरी बोलेरो टायर फटने से बेकाबू होकर पलट गई. इस हादसे में तीन छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि चालक समेत 11 अन्य अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार छात्राएं महेश राम अशोक कुमार इंटरमीडिएट कॉलेज में बोर्ड परीक्षा देने जा रही थीं. हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है. वहीं प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है.

चश्मदीदों के मुताबिक, बोलेरो तेज रफ्तार में थी, तभी अचानक टायर फटने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.


The Hindi Post
error: Content is protected !!