मनपसंद लड़की से शादी करने के लिए की भोलेनाथ की पूजा, मांगी मन्नत, मन्नत पूरी नहीं होने पर युवक ने मंदिर से गायब किया शिवलिंग
यूपी के कौशांबी से अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां के एक लड़के को जब मनपसंद दुल्हन नहीं मिली तो उसने शिव मंदिर से शिवलिंग ही चोरी कर लिया.
दरअसल, युवक भोलेनाथ का भक्त है. उसने सावन के महीने में अपनी पसंद की लड़की से शादी करने के लिए मन्नत मांगी थी. युवक गांव की एक लड़की को पसंद करता था और उससे शादी करना चाहता था. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इससे युवक आहत हो गया. वो भोलेनाथ से मन ही मन नाराज रहने लगा. गुस्से में उसने शिवलिंग चोरी कर लिया.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है.
हैरान करने वाला यह मामला जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी. दूर स्थित महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के कुम्हियावां गांव का है. युवक ने 2 सितंबर को मंदिर से शिवलिंग चुराकर पास में ही झाड़ियों में छिपा दिया था. पुलिस सोमवार को शिवलिंग बरामद करने में कामयाब रही.
शिवलिंग गायब होने के बारे में जानकारी कैसे हुई?
सावन के महीने का आखिरी दिन था. लोग गांव के मंदिर में पूजा-पाठ करने पहुंचे. वह मंदिर में प्रवेश करते ही यह देख कर हैरान रह गए कि शिवलिंग गायब था. इससे हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस शिवलिंग को खोजने में लग गई. इसके बाद गांव के लोगों से पूछताछ हुई. पुलिस को अलग-अलग लोगों के पूछताछ के दौरान, छोटू नाम के एक युवक पर शक हुआ.
कड़ाई से पूछताछ करने पर युवक ने पुलिस को सब सच बता दिया. शिवलिंग मंदिर से थोड़ी दूर पर ही छुपा दिया गया था. पुलिस ने छोटू की निशानदेही पर शिवलिंग बरामद कर लिया.
ये क्या हुआ
जिला कौशांबी में छोटू नामक शख्स पूरे सावन माह मंदिर गया, भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। शादी की मन्नत मांगी। मन्नत पूरी नहीं हुई तो शिवलिंग चुरा लिया। छोटू गिरफ्तार है, शिवलिंग भी बरामद हो गया है। pic.twitter.com/vaqoxCbOhY— Mαɳιʂԋ Kυɱαɾ αԃʋσƈαƚҽ 🇮🇳🇮🇳 (@Manishkumarttp) September 5, 2023
युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी मन्नत पूरी नहीं हुई थी इसलिए उसने शिवलिंग को गायब कर दिया था. युवक ने कहा उसे विश्वास था कि भगवान भोले शंकर उसकी मन्नत पूरी करेंगे.
क्या कहा युवक ने –
युवक ने पुलिस से कहा, “मैंने पूरे सावन मास में रोज मंदिर जाकर भगवान भालेनाथ की पूजा की. मैंने मन्नत मांगी थी कि भगवान पूजा-अर्चना से प्रसन्न होकर मेरी शादी गांव की मेरी पसंद की लड़की से करा दें. लेकिन उस लड़की से अब तक न बातचीत हो पाई, न कोई उम्मीद है कि मेरी शादी उससे हो पाएगी”.
फिलहाल पुलिस ने शिवलिंग को मंदिर में स्थापित करवा दिया है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
