अब स्पाइसजेट की प्लाइट में तकनीकी खराबी, वापस….
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
हैदराबाद | हैदराबाद से तिरुपति जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट गुरुवार को तकनीकी खराबी के कारण हैदराबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 10 मिनट बाद ही वापस लौट आई.
80 यात्रियों को लेकर एसजी 2696 फ्लाइट ने सुबह 6.10 बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, शमशाबाद से तिरुपति के लिए उड़ान भरी थी.
हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला. फिर तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया गया और पायलट द्वारा एयरपोर्ट पर वापस लौटने की अनुमति मांगी गई. फिर विमान को सुरक्षित तरीके से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस उतारा गया.
एयरलाइन ने बताया कि हैदराबाद-तिरुपति मार्ग पर सेवाएं देने वाले स्पाइसजेट क्यू400 विमान में उड़ान भरने के बाद एएफटी बैगेज डोर लाइट में बीच-बीच में रोशनी आती रही. हालांकि, पूरी यात्रा के दौरान केबिन में दबाव सामान्य रहा. एहतियात के तौर पर पायलटों ने हैदराबाद लौटने का फैसला किया. विमान सुरक्षित रूप से उतरा और यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतारा गया.
अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद, जिसमें 274 लोगों की जान चली गई थी, एयरलाइंस लगातार सतर्क बनी हुई हैं और विमान परिचालन में सावधानी बरत रही हैं.
IANS
