बड़ा हादसा: तीन यात्री ट्रेन से गिरे, दो की मौत, एक की हालत गंभीर

Train Indian Railways IANS (1)
The Hindi Post

बड़ा हादसा: तीन यात्री ट्रेन से गिरे, दो की मौत, एक की हालत गंभीर…..

 

नासिक | मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बिहार जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में बड़ा हादसा हो गया है. इस ट्रेन में यात्रा कर रहे तीन युवक नासिक रोड रेलवे स्टेशन के पास (ट्रेन से) गिर गए. इस कारण दो यात्रियों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.

घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है. कर्मभूमि एक्सप्रेस नासिक रोड स्टेशन को पार कर चुकी थी. इसके कुछ ही देर बाद ओढा रेलवे स्टेशन के प्रबंधक आकाश ने नासिक रोड रेलवे विभाग को सूचना दी कि ढिकले नगर इलाके में ट्रेन के गुजरने के बाद तीन युवक रेलवे ट्रैक पर गिरे हुए मिले. सूचना मिलते ही नासिक रोड पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र सपकाले के नेतृत्व में एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची.

पुलिस को रेलवे ट्रैक के बीच दो युवक मृत अवस्था में मिले जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल था. घायल को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. शवों और घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है.

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि दीपावली के त्योहार के कारण उत्तर भारत जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ थी जिसके चलते यह हादसा हुआ.

कर्मभूमि एक्सप्रेस में यात्रियों की अधिक संख्या के कारण कुछ लोग दरवाजे के पास यात्रा कर रहे होंगे.

रेलवे और पुलिस प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है. रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों में भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की बात कही है. स्थानीय पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन युवकों की पहचान के बारे में जानकारी है तो वे नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!