रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी, अंधाधुंध फायरिंग में तीन की मौत और कई घायल
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी, अंधाधुंध फायरिंग में तीन की मौत और कई घायल
सैन फ्रांसिस्को | अमेरिका के उत्तर-पश्चिमी राज्य इडाहो के ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार दोपहर एक प्रसिद्ध ‘इन-एन-आउट’ बर्गर रेस्टोरेंट में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर सहित कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
ट्विन फॉल्स पुलिस विभाग के अनुसार, घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 2:30 बजे घटी. सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया.
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने देर रात आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौतों की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि संदिग्ध बंदूकधारी की मौत हो चुकी है, हालांकि उसकी मौत की वजह, पहचान और इस वारदात के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने रेस्टोरेंट के आसपास की सड़कों और नजदीकी पुल को आवाजाही के लिए बंद कर दिया है. साथ ही आम जनता से उस क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई है ताकि राहत और जांच कार्य में कोई बाधा न आए.
अमेरिका में लगातार बढ़ रही हैं गोलीबारी की घटनाएं
उल्लेखनीय है कि अमेरिका में गन कल्चर के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. हाल ही में जुलाई की शुरुआत में सिएटल के ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फूड फेस्टिवल में हुई गोलीबारी में भी दो लोगों की मौत हो गई थी और एक मासूम बच्चे समेत कई लोग घायल हुए थे.
IANS/Hindi Post Dot In
अमेरिका के इडाहो में रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी, अंधाधुंध फायरिंग में तीन की मौत और कई घायल
