सीएम सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का यूपी कनेक्शन आया सामने, पुलिस ने…..
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की फाइल फोटो (आईएएनएस)
सीएम सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का यूपी कनेक्शन आया सामने, पुलिस ने…..
कोलकाता | पश्चिम बंगाल पुलिस ने सीएम सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक आरोपी यूपी के बलिया और दो बिहार के रहने वाले हैं. जानकारी के अनुसार मामले की जांच कर रही एसआईटी गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को रात में ही कोलकाता लाई और सोमवार को इनकी पेशी बारासात कोर्ट में हो सकती है.
मामले की जांच कर रही एसआईटी के अनुसार दो आरोपी बिहार के रहने वाले है जिनका नाम मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य है. इसके साथ ही एक आरोपी बलिया का है और उसका नाम राज सिंह बताया जा रहा है. वहीं, मामले की जांच कर रही एसआईटी ने उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इनसे गहन पूछताछ की जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ से हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो सकता है.
चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में आरोपी इन लोगों को तब पकड़ा गया जब आरोपियों में से एक ने टोल प्लाजा पर यूपीआई के जरिए ऑनलाइन पेमेंट किया था. इससे पुलिस को उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिली. गिरफ्तार किए गए लोगों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और पुलिस हत्या में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है.
बता दें कि 6 मई को चंद्रनाथ रथ को गोली मार दी गई थी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पास के डायवर्सिटी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. हत्या का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है.
इसके बाद चंद्रनाथ की हत्या की जांच के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है. टीम में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) के पुलिस अधिकारियों को भी शामिल किया गया है. जांच टीम के सदस्य आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश गए थे. जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि इन सभी सुरागों के जरिए जल्द ही चंद्रनाथ के हत्यारे तक पहुंचा जा सकेगा और अपराधी पकड़े जाएंगे.
आईएएनएस
सीएम सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में यूपी-बिहार से तीन आरोपी गिरफ्तार
