विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां: गृह मंत्रालय ने की हाई लेवल मीटिंग और….

Flight Depositphotos_16931703_S (1)

सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: डिपाजिट फोटो)

The Hindi Post

नई दिल्ली | विमानों में बम धमाके की धमकियां लगातार मिल रही है. इस कारण केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को एक हाई लेवल मीटिंग की. गृह सचिव ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के डीजी (डायरेक्टर जनरल) और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) के डीजी से धमकी भरी कॉल्स के बारे में विस्तृत जानकारी ली.

सूत्रों के अनुसार, इस मीटिंग में सीआईएसएफ के डीजी और बीसीएएस के डीजी ने गृह सचिव को अब तक की जांच का ब्योरा दिया. सूत्रों के मुताबिक, ये धमकी भरी कॉल्स विदेशों से आई हैं.

बता दें कि पिछले 5 दिनों में 100 से अधिक एयरलाइंस को धमकी मिल चुकी है.

गृह मंत्रालय ने सीआईएसएफ से एयरपोर्ट्स पर अधिक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.

इससे पहले शनिवार को ‘नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो’ (बीसीएएस) ने एयरलाइंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठक की थी. बीसीएएस के अधिकारियों ने मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को ऐसी धमकियों से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करने का निर्देश दिया था.

सूत्रों के मुताबिक, जांच से पता चला है कि ये धमकियां लंदन, जर्मनी, कनाडा और अमेरिका से दी गई है. हालांकि, अधिकारियों ने इस संभावना से भी इनकार नहीं किया कि धमकी देने वालों ने अपनी पहचान को छिपाने के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया हो.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते सोमवार को मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी जिसके बाद फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया था. सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान की गहन जांच की गई थी. विमान के अंदर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी. सोमवार को कुल तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!