9 साल 3 महीने बाद अपने परिवार से मिला यह भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी, जानिए वजह

Kartikeya Singh met his mother after 9 years

फोटो: ट्विटर

The Hindi Post

नई दिल्ली । मध्य प्रदेश और मुंबई इंडियंस के क्रिकेटर कुमार कार्तिकेय ने बुधवार को खुलासा किया कि वह नौ साल और तीन महीने बाद अपने परिवार से मिले हैं. उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद अपने प्रियजनों के साथ मिलकर उन्हें क्या एहसास हो रहा है, यह वह बता नहीं सकते.

24 वर्षीय कार्तिकेय ने अपनी खुशी व्यक्त करने के लिए अपनी मां के साथ एक तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट की है.

कार्तिकेय ने तस्वीर के साथ लिखा, 9 साल और 3 महीने बाद अपने परिवार और मां से मिला. मैं अपनी भावनाओं को बता नहीं सकता.

गौरतलब है कि कार्तिकेय ने पहले कहा था कि वह जीवन में कुछ बन कर ही घर लौटेंगे. इसी साल मई में उन्होंने कहा था कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के पूरा होने के बाद घर जाएंगे.

कार्तिकेय ने कहा था, “मैं 9 साल से घर नहीं गया हूं. मैंने तय किया था कि घर तब वापस आऊंगा जब मैं जीवन में कुछ हासिल कर लूंगा. मेरे माँ और पिताजी ने मुझे बार-बार फोन किया, लेकिन मैं अपनी बात पर अटल था. आखिरकार, अब मैं आईपीएल के बाद घर लौटूंगा। मेरे कोच संजय सर ने मध्य प्रदेश के लिए मेरा नाम सुझाया था. पहले वर्ष में, मेरा नाम अंडर-23 टीम में एक अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में आया था और सूची में अपना नाम देखकर मुझे बहुत राहत मिली थी.

कार्तिकेय ने 2018 में बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी करते हुए प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया था. उन्हें मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 के लिए साइन किया था.

उन्होंने 30 अप्रैल को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के मैच में अपना आईपीएल डेब्यू किया था. चार मैचों में, कार्तिकेय ने 7.85 की इकॉनमी रेट से पांच विकेट लिए थे.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!