पहले दादा-दादी की घर पर की हत्या फिर स्कूल जाकर 6 और लोगों को भून डाला, 9वीं कक्षा के छात्र ने मचा दिया कोहराम

Crime Scene Deposit Photos (1)
The Hindi Post

पहले दादा-दादी की घर पर की हत्या फिर स्कूल जाकर 6 और लोगों को भून डाला, 9वीं कक्षा के छात्र ने मचा दिया कोहराम

 

बैंकाक | थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चानवीराकुल ने शुक्रवार दोपहर जानकारी दी कि नोंथाबुरी प्रांत में एक स्कूल और घर में हुई गोलीबारी में शूटर और उसके दादा-दादी समेत आठ लोगों की मौत की मौत हो गई. इसके अलावा 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं जिनमें से नौ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बैंकॉक के नोंथाबुरी प्रांत के बैंग क्रुई जिले के देबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में सुबह करीब 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) एक हमलावर द्वारा गोलीबारी करने के बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया.

घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बंदूकधारी ने बैंगनी रंग का ट्रैकसूट पहन रखा था और उसने स्कूल के भीतर दर्जनों राउंड गोलियां चलाईं. मीडिया द्वारा जारी की गई वीडियो फुटेज में पूरे परिसर में लगातार गोलियों की आवाजें सुनाई दे रही हैं.

रिपोर्टों के अनुसार, संदिग्ध हमलावर की पहचान 14 वर्षीय छात्र के रूप में हुई है जो अपने दादा-दादी के साथ रहता था. थाई पुलिस को उसके दादा-दादी के शव उनके घर पर मिले. जांचकर्ताओं का मानना है कि स्कूल पर हमला करने से पहले ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से एक हैंडगन बरामद हुई है. शुरुआती जानकारी से संकेत मिलता है कि यह हथियार संदिग्ध शूटर के दादा का था. इसके अलावा आरोपी छात्र के बैग से भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद हुए हैं.

थाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, स्कूल में हुई इस गोलीबारी के पीछे के मकसद की जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध शूटर के कंप्यूटर से पता चला कि उसने अमेरिका में हुई एक स्कूल शूटिंग की घटना के बारे में सर्च किया था और उसका अध्ययन किया था.

प्रधानमंत्री अनुतिन ने घटनास्थल पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इस हमले की वजह अत्यधिक पढ़ाई का दबाव हो सकती है क्योंकि छात्र के दादा-दादी उसकी पढ़ाई को लेकर बेहद सख्त थे.

शूटर के एक दोस्त ने भी इस बात की पुष्टि की कि वह हाल के दिनों में काफी तनाव में था. उसने इस वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी तैयारी की थी और इस्तेमाल किए गए हथियार की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं.

अनुतिन ने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार हथियार नियंत्रण के लिए कड़े नियम लागू करेगी.

उन्होंने कहा कि जब तक कोई अधिकारी आधिकारिक ड्यूटी पर न हो, किसी को भी सार्वजनिक स्थानों पर बंदूक ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

 

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!