बड़ा बवाल ! भड़क गए लोग, बस में लगा दी आग, जान बचा के भागे यात्री, क्या है यह मामला ?
फोटो: आईएएनएस
बड़ा बवाल ! भड़क गए लोग, बस में लगा दी आग, जान बचा के भागे यात्री, क्या है यह मामला ?
पटना | राजधानी पटना में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी बवाल हो गया. जीरो माइल के पास एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जिसके बाद गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया. उन्होंने आगजनी की और उनकी पुलिस के साथ झड़प भी हुई.
यह घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के पहाड़ी पंप हाउस के पास की है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है. हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
युवक की मौत से आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने दुर्घटनास्थल पर एकत्र होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और सख्त कार्रवाई की मांग की.
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) को जाम कर दिया जिससे इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. गुस्साए लोगों ने सड़कों पर टायर जलाकर नारेबाजी की. उनका आरोप था कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण इलाके में आए दिन हादसे हो रहे हैं लेकिन प्रशासन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने में विफल रहा है.
देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. उग्र भीड़ ने दुर्घटना में शामिल बस में आग लगा दी और पुलिस के तीन वाहनों को भी फूंक दिया. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई घंटों तक जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा.
Patna, Bihar: Tension erupted near Masaurhi Mor after the death of a man named Manish in a road accident. Angry locals set a bus on fire, attacked police with stones, and later vandalised and set fire to a police outpost. Several people, including journalists, were injured in the… pic.twitter.com/rPm5vrdI9W
— IANS (@ians_india) August 7, 2026
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. हालांकि, माहौल तनावपूर्ण बना रहा जिसे देखते हुए कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा. इस दौरान भीड़ को खदेड़ने और हाईवे से जाम हटाने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की भी खबरें हैं.
घटना की कवरेज कर रहे पत्रकारों पर भी हमले की खबर है. जानकारी के मुताबिक, कवरेज के दौरान भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने मीडियाकर्मियों के साथ भी हाथापाई और मारपीट की.
पुलिस ने सड़क हादसे और उसके बाद हुई आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अधिकारियों ने बताया कि वाहनों को आग लगाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों व मीडिया पर हमला करने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इलाके में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इस बीच, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है.
IANS/Hindi Post Dot In
