तेलंगाना: कथित दुष्कर्म के बाद युवती की मौत, पुलिस जांच जारी

Woman Girl (1)

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

तेलंगाना: कथित दुष्कर्म के बाद युवती की मौत, पुलिस जांच जारी

 

तेलंगाना के महबूबनगर जिले में 22 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया था. इसके बाद युवती की मौत हो गई थी. पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है.

महबूबनगर पुलिस ने कहा कि वारदात शौचालय के अंदर हुई थी. आरोप है कि बुधवार रात युवक (आरोपी) ने अपनी प्रेमिका को रैतु वेदिका पर मिलने के लिए बुलाया था. वही आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. इस दौरान युवती बेहोश हो गई और उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा.

महबूबनगर के पुलिस अधीक्षक डी. जानकी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि घटना के बाद आरोपी ने युवती की एक रिश्तेदार को फोन कर रैतु वेदिका बुलाया. उनके वहां पहुंचने के बाद युवती को पास के आंगनवाड़ी केंद्र ले जाया गया. इस दौरान पीड़िता के अन्य परिजन भी वहां पहुंच गए. वे उसे एक पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर (आरएमपी) के पास ले गए जिन्होंने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी.

पुलिस के अनुसार, तब तक युवती की हालत और बिगड़ चुकी थी और उसे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था. उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही पीड़िता को मृत घोषित कर दिया था.

गुरुवार को पीड़िता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोपी युवक को अपनी बेटी की मौत का जिम्मेदार ठहराया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!