एक और पति की गई जान, प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की हत्या, पहले दिया छत से धक्का फिर लगाया टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन

woman nurse administering injection to man in hospital Depositphotos_891625668_XL (1) (1) (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo)

The Hindi Post

एक और पति की गई जान, प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की हत्या, पहले दिया छत से धक्का फिर लगाया टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन

 

निजामाबाद | तेलंगाना के निजामाबाद जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई थी. अब इस मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी और एक अन्य युवक के साथ मिलकर कथित तौर पर पति की हत्या की साजिश रची थी. आरोप है कि पहले युवक को छत से धक्का दिया गया पर वो जिन्दा बच गया. इसके बाद जहरीला इंजेक्शन और टॉयलेट क्लीनर का इस्तेमाल कर उसकी हत्या कर दी गई.

पुलिस के अनुसार, नायलकल गांव निवासी दैनी श्यामला ने 1 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके 35 वर्षीय बेटे दैनी प्रशांत की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. शिकायत में कहा गया कि प्रशांत 27 जून को खाड़ी देश (गल्फ) से अपने गांव लौटा था लेकिन परिवार को उसकी घर वापसी और बाद में हुई मौत की जानकारी नहीं दी गई. उन्होंने अपनी बहू संध्या पर संदेह जताया था.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ में पुलिस के सामने पूरा घटनाक्रम आ गया. पुलिस का दावा है कि प्रशांत की पत्नी दैनी संध्या (32) का निजामाबाद के इंद्रापुर कॉलोनी निवासी मिरुगुरी अनिल (35) के साथ प्रेम संबंध था. पुलिस के अनुसार, दोनों को लगता था कि प्रशांत उनके रिश्ते में बाधा बन रहा है. इसलिए उसकी हत्या की साजिश रची गई.

पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में नायलकल गांव के ही कंडी वेंकटसाई उर्फ बंटी (24) को भी शामिल किया गया था. उसने कथित तौर पर सहयोग करने के लिए हामी भरी थी.

पुलिस के अनुसार, 29 जून को योजना के तहत वेंकटसाई, प्रशांत के घर पहुंचा और उसके साथ शराब पी. इसके बाद वह प्रशांत को घर की छत पर ले गया. आरोप है कि उसी दौरान संध्या फोन पर निर्देश देती रही और वेंकटसाई ने प्रशांत को छत से नीचे धक्का दे दिया. हालांकि, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद प्रशांत की तत्काल मौत नहीं हुई. पुलिस का कहना है कि संध्या और वेंकटसाई ने किसी को शक न हो इसलिए उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया. यहां अनिल भी इलाज के बहाने मौजूद था.

पुलिस के अनुसार, बाद में प्रशांत को एक निजी अस्पताल ले जाया गया और फिर रात में वापस घर लाया गया. जांच में सामने आया कि घर लौटने के बाद अनिल के कहने पर संध्या ने पहले से छिपाकर रखे गए नशीले इंजेक्शन, नशीली गोलियों से तैयार घोल और टॉयलेट क्लीनर (हार्पिक) को प्रशांत के हाथ में लगी आईवी कैनुला के जरिए शरीर में इंजेक्ट (डाल) कर दिया. इसके बाद उसे बिस्तर से नीचे धक्का दे दिया जिससे उसकी मौत हो गई.

पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. इसके बाद दक्षिण ग्रामीण निजामाबाद के सर्किल इंस्पेक्टर ने तीनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

आईएएनएस

तेलंगाना में प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या; पहले छत से दिया धक्का, फिर इंजेक्शन देकर मार डाला

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!