बंगाल में नाबालिग लड़की से रेप-मर्डर मामला: गिरफ्तार आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर
फोटो: आईएएनएस
बंगाल में नाबालिग लड़की से रेप-मर्डर मामला: गिरफ्तार आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर
कोलकाता | पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग लड़की की मौत के मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से एक – प्रभास मंडल की बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी एक पुलिसकर्मी की सर्विस राइफल छीनकर भागने का प्रयास कर रहा था.
राज्य पुलिस के सूत्रों ने बताया कि क्राइम सीन को री-क्रिएट (पुनर्निमाण) करने के लिए मंगलवार रात आरोपी को अपराध स्थल पर ले जाया गया था. वहां उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी से सर्विस राइफल छीनकर भागने की कोशिश की थी. पुलिस कर्मियों ने जब उसका पीछा किया, तो पुलिस के मुताबिक, मंडल ने छीनी गई राइफल से उन पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें मंडल को गोली लग गई. गंभीर रूप से घायल आरोपी को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि रविवार सुबह बारुईपुर के सूर्यपुर इलाके के एक तालाब से 12 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि पीड़िता के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या की गई थी. शव मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया था. स्थानीय लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे थे. इसके बाद मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था जिसने उसी शाम प्रभास मंडल को गिरफ्तार कर लिया था.
स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दिए गए बयानों के अनुसार, शनिवार दोपहर लापता होने से पहले लड़की को आरोपी के साथ देखा गया था. जांच के दौरान पुलिस को वो सीसीटीवी फुटेज हासिल करने में सफलता मिली जिनमें प्रभास नाबालिग लड़की के साथ दिखाई दे रहा था. इसी फुटेज के आधार पर उसकी गिरफ्तारी हुई थी. पुलिस का दावा है कि प्रभास जांच में सहयोग नहीं कर रहा था और लगातार विरोधाभासी बयान दे रहा था.
मास्टरमाइंड समेत दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस प्रभास की भूमिका और पूरे घटनाक्रम को जानने के लिए उसे बुधवार तड़के मौके पर लेकर गई थी. यहां क्राइम सीन री-क्रिएशन के दौरान उसने भागने की कोशिश की और वह मुठभेड़ में मारा गया. पुलिस ने बताया कि इससे पहले प्रभास से हुई पूछताछ के आधार पर मामले के दो अन्य आरोपियों, दिबाकर सरकार और आनंद सरदार को भी गिरफ्तार किया गया था. इनमें से आनंद सरदार को इस जघन्य अपराध का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड बताया जा रहा है.
By IANS
