नदी में डूबे एक ही परिवार के पांच युवक, मौत

DROWN

सांकेतिक तस्वीर (IANS)

The Hindi Post

हैदराबाद | तेलंगाना के निर्मल जिले में बड़ी घटना घटी है. यहां गोदावरी नदी में नहाने गए पांच युवक डूब गए हैं. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना बसर (शहर का नाम) में तब हुई जब पांचों युवक गोदावरी नदी में पवित्र स्नान करने लगे.

जानकारी के अनुसार, मृतक एक ही परिवार के थे और हैदराबाद के चिंतल में रहते थे. मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले इस परिवार के कुल 18 सदस्य सरस्वती मंदिर में दर्शन और गोदावरी नदी में पवित्र स्नान के लिए बसर आ थे.

मंदिर में दर्शन से पहले वे अनुष्ठान करने के लिए नदी में स्नान करने लगे. इसी दौरान युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा.

नदी किनारे मौजूद परिवार के सदस्यों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुन कर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े लेकिन वे सफल नहीं हुए. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने तैराकों की मदद से सभी के शवों को बाहर निकाला.

मृतकों की पहचान राकेश, विनोद, मदन, रुतिक और भरत के रूप में हुई है. सभी की उम्र 20 साल से कम थी. सभी शवों को सरकारी अस्पताल में भेजा गया है.

हाल ही में हुई बारिश के कारण गोदावरी नदी में पानी का बहाव बढ़ गया है.

परिवहन और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि इस घटना में पांच युवकों की मौत की खबर ने उन्हें दुख पहुंचाया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!