नदी पर बना पुल ढहने से बड़ा हादसा, कई सैलानी बहे…
महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहने से बड़ा हादसा हो गया/ फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
पुणे | पुणे जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा देखने को मिला, जहां इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया है. इस हादसे में करीब 25 से 30 सैलानियों के बह जाने की जानकारी सामने आई है.
दरअसल, यह घटना पुणे ग्रामीण इलाके के कुंदमाला में स्थित मावल तालुका की है. कुंदमाला तालेगांव दाभाड़े कस्बे के पास प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है. जानकारी के अनुसार, इंद्रायणी नदी पर बना पुल काफी पुराना बताया जा रहा है. रविवार होने के कारण जिस समय यह हादसा हुआ उस दौरान पुल पर कई पर्यटक मौजूद थे.
Pune, Maharashtra: Search and rescue operations are ongoing at the site where a bridge collapsed over the Indrayani River in Kundamala, Maval taluka. Two people have been rescued and sent to the hospital pic.twitter.com/iTUVLxvHda
— IANS (@ians_india) June 15, 2025
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और आपदा राहत कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया.
स्थानीय निवासी रघुविर शेलार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह घटना करीब साढ़े चार बजे के आसपास की है. करीब 100 से अधिक पर्यटक पुल पर घूमने के लिए आए थे, जिनमें से 20 से 25 लोगों को स्थानीय निवासियों ने रेस्क्यू किया है. चार से पांच लोगों के लापता होने की जानकारी मिली है. इसके अलावा कुछ लोग अभी भी पुल गिरने के बाद फंसे हुए हैं. उन्हें निकालने के लिए प्रशासन से मदद मांगी गई है और हाइड्रा कैन भी मंगवाई गई है. उन्होंने कहा कि रेस्क्यू किए गए लोगों को अस्पताल भेजा गया है. हालांकि, नदी में कितने लोग डूबे हैं, यह पता नहीं चल पाया है.
Pune, Maharashtra: A crane has been called to the site as efforts continue to remove the collapsed bridge over the Indrayani River in Kundamala area, Maval taluka. Rescue operations are ongoing, with emergency teams working urgently at the scene pic.twitter.com/uHis7Dw6XG
— IANS (@ians_india) June 15, 2025
बता दें कि पिछले दो दिनों से मावल इलाके में भारी बारिश हो रही है और इंद्रायणी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. फिलहाल नदी में गिरे पर्यटकों को बचाने के लिए राहत-बचाव कार्य जारी है और एनडीआरएफ की दो टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं.
वहीं, एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “पुणे जिले के मावल तालुका के कुंदमाला में इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया. आशंका है कि पुल पर मौजूद कुछ नागरिक बह गए होंगे. यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि सभी नागरिक सुरक्षित रहें. मैंने इस घटना के बारे में पुणे के जिला कलेक्टर से बात की है और वे सभी आवश्यक सहायता भेज रहे हैं. नागरिकों से मेरा अनुरोध है कि कृपया मानसून में पर्यटन के लिए जाते समय आवश्यक सावधानी बरतें. सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें.”
IANS
