कोचिंग में पढ़ रहा था छात्र, अचानक बेसुध होकर गिर पड़ा, हुई मौत, साइलेंट अटैक का अंदेशा, VIDEO
Image Via IANS
इंदौर | मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में कोचिंग में पढ़ाई करते समय अचानक एक छात्र बैठे-बैठे गिर गया और उसकी मौत हो गई. मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
यह वाकया बुधवार की दोपहर के बाद का है. इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र के एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई चल रही थी. कक्षा में अन्य छात्रों के साथ 18 वर्षीय राजा भी मौजूद था. वह अचानक कक्षा की बेंच पर बैठे-बैठे गिर जाता है. उसे साथी छात्र उठाते हैं और अस्पताल ले जाते हैं, जहां कुछ देर बाद ही चिकित्सक उसे मृत घोषित कर देते हैं.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि वह प्रोटीन की अतिरिक्त डाइट लेता था और बाल झड़ने के चलते कुछ दवाइयां भी ले रहा था. वहीं, मौत की वजह को कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है.
An 18-year-old boy in #Indore was preparing for PSC exam. While studying in the coaching, he suddenly had a heart attack. According to the teacher, he was a good student and did not seem to be under any stress. Unfortunately, he passed away in the hospital.@Anurag_Dwary pic.twitter.com/U1qn586eXU
— Mohammad Sartaj Alam (@SartajAlamIndia) January 18, 2024
कोचिंग संचालक का कहना है कि जैसे ही राजा की तबीयत बिगड़ी, उसे मुश्किल से पांच मिनट के भीतर छात्रों और स्टाफ के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया और उसके परिवार को सूचना दी गई.
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें साफ दिख रहा है कि राजा कक्षा में बैठा है. कुछ ही देर में वह असहज होता है और वह सामने की टेबल पर गिर पड़ता है, तभी वहां मौजूद छात्र उसे मौके से उठाते हैं.
आईएएनएस
